Sonam Raghuwanshi ने ' ऑपरेशन हनीमून' के बाद ट्रेन में तोड़ा मोबाइल, सिम कार्ड चबाकर फेंका
Sonam Raghuwanshi: विशाल ने बताया कि वह दोस्त (आनंद, आकाश और राज) से संगम नगर स्थित खाली मैदान में मिलता था। इसी मैदान में हत्या की साजिश की जाती थी। एक अन्य फोन को उसने इसी मैदान में फेंक दिया था। टीम विशाल को लेकर पहुंची मगर फोन नहीं मिला। पुलिस ने आनंद कुर्मी के घर पर भी छानबीन की है।
Publish Date: Wed, 11 Jun 2025 05:55:37 PM (IST)
Updated Date: Wed, 11 Jun 2025 06:07:27 PM (IST)
सोनम रघुवंशी मामले में नया अपडेट।HighLights
- एसआईटी की टीम विशाल के घर की तलाशी लेने पहुंची।
- घर में ताला लगा होने से पुलिसकर्मी दीवार कूदकर घुसे।
- यहां से शर्ट, जींस बरामद की गई। खून के छींटे मिले हैं।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। राजा रघुवंशी हत्याकांड से पर्दा उठाने के लिए शुरू की गई जांच को मेघालय पुलिस ने ‘आपरेशन हनीमून’ नाम दिया गया। सोनम ही राजा को मारने के लिए हनीमून के बहाने ही शिलांग ले गई थी। राज कुशवाह ने इसके लिए नए सिम कार्ड और फोन की व्यवस्था की थी। टास्क पूरा होते ही आरोपितों ने ट्रेन में सफर के दौरान बिहार में फोन तोड़कर फेंक दिया। सिम कार्ड इंदौर लेकर आए, जिसे बाद में चबा कर नष्ट कर दिया। एसआईटी ने विशाल के घर की तलाशी लेने पहुंची। घर में ताला लगा होने से पुलिसकर्मी दीवार कूदकर अंदर घुसे। यहां से शर्ट और जींस बरामद की गई। शर्ट पर खून के छींटे मिले हैं। इंदौर के एडिशनल डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार, शिलांग पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने कपड़े और सिम कार्ड छुपाना स्वीकारा है। मंगलवार दोपहर दो टीमों ने नंदबाग कॉलोनी में विशाल के घर की तलाशी ली। सिम कार्ड और फोन नहीं मिला पर कपड़े मिल गए।
भाई से चार मिनट की मुलाकात में तीन मिनट रोई सोनम
सोमवार को सोनम का भाई गोविंद गाजीपुर पहुंच गया था। वह सीधे नंदगंज थाने पहुंचा। मगर शिलांग पुलिस ने मिलने की अनुमति नहीं दी। घंटों इंतजार के बाद पुलिसकर्मियों के सामने सोनम से बात करवाई गई। कुल चार मिनट की मुलाकात हुई। तीन मिनट तक सोनम और राज रोते रहे। गोविंद ने उससे कहा- मैं तेरे साथ हूं। पर यह बता तूने ऐसा क्यों किया। सोनम ने भाई से भी झूठ बोला। कहा- इन लोगों (विशाल, आकाश, आनंद) ने राजा को मार डाला। इन्होंने मुझे भी खूब पीटा। बेहोश कर डाला। मुझे गाजीपुर छोड़कर चले गए। गोविंद उससे कुछ पूछता, इसके पहले पुलिसकर्मी सोनम को खींचकर ले गए। सोनम के साथ शिलांग जाने का इरादा त्याग कर गोविंद मंगलवार को इंदौर के लिए रवाना हो गया।
चारों आरोपितों को फ्लाइट से शिलांग ले गई पुलिस
दिनभर हुई पूछताछ, छानबीन के बाद शिलांग एसआइटी आरोपित विशाल उर्फ विक्की, आनंद कुर्मी, आकाश राजपूत को रात 9.45 की इंडिगो की फ्लाइट से शिलांग ले गई। एडिशनल डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार अपराध शाखा की टीम दिनभर साथ रही। शाम को कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया। एसआइटी आरोपितों को इंदौर से दिल्ली, गुवाहाटी और फिर शिलांग ले जाया जाएगा। हत्याकांड से नाराज एक यात्री ने एयरपोर्ट पर आरोपित राज को चांटा जड़ दिया। उसने गुस्से में कहा कि तुम्हारे कारण इंदौर बदनाम हो गया।
राज और सोनम का आज होगा सामना
एसआईटी अभी तक गिरफ्तारी और जब्ती में जुटी थी। बुधवार सुबह तक सभी आरोपित शिलांग पहुंच जाएंगे। स्थानीय कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपितों से आमने-सामने पूछताछ की जाएगी। एसआइटी राज और सोनम से साजिश के बारे में पूछेगी। इसके बाद सोनम सहित तीनों आरोपितों को घटना स्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएशन करवाया जाएगा। राज ने सुपर कारिडोर स्थित एक कैफे पर भी मीटिंग करना स्वीकारा है।
विशाल के घर में छुपा था राज, एसआईटी ने दोनों को एक साथ पकड़ा
- पुलिस ने राज को इंदौर में विशाल के घर से पकड़ा। रविवार रात वह उसके घर में छुपा हुआ था। दोनों हत्याकांड के संबंध में ही चर्चा कर रहे थे। पुलिस उनकी लोकेशन निकाल चुकी थी।
- पकड़ने के बाद भी पुलिस ने उसके घरवालों को भनक नहीं लगने दी। राज की बहन ने काॅल लगाया तो उसने कहा रात को विशाल के घर ही रुक जाऊंगा।
- विशाल मूलत: कछवाह फतेहपुर के रामपुर सुकेती गांव का है। 14 साल पूर्व उसके पिता रामनजर सिंह बेटी काजल, राज (बेटा) और सबसे छोटी बेटी सोहानी के साथ इंदौर में बस गया।
- रामनजर सिंह फ्रूट बाजार में काम करता था। साल 2020 में उसकी ब्रेन हेमरेज के कारण मौत हो गई। राज मां चुन्नी बाई के साथ लक्ष्मणपुरा में रहने लगा। वह कपड़ा बाजार में काम करता था।
- तीन साल पूर्व उसने कम्प्यूटर कोर्स पूरा किया और गोविंद के यहां नौकरी करने लगा। उसकी गिरफ्तारी से परिवार टूट चुका है। उन्हें अभी भी पुलिस पर विश्वास नहीं है।
- सोहानी के मुताबिक राज के सोनम से संबंध नहीं थे। हमारे सामने भी फोन पर दीदी बोलता था। कर्मचारी होने के नाते उसके फोन पर चर्चा होती थी। सोनम विशाल को भी राखी बांधती है।
- उसने कहा कि रविवार को राज विशाल के घर गया था। 12 बजे तक घर न आने पर काॅल लगाया तो कहा आज विशाल के पास ही सो जाऊंगा। उसके माता-पिता गांव गए हैं।
- सुबह गोविंद ने कर्मचारी का काॅल आया और कहा कि राज से गोविंद भैया बात करना चाहते हैं। उसका फोन बंद क्यों आ रहा है। सोहानी ने गोविंद का काल लगाया तो कहा राज को पुलिस ने पकड़ लिया है।
- राज की गिरफ्तारी से पूरा परिवार टूट चुका है। घर पर मीडिया का जमावड़ा रहता है।
- मां बेटी रोती रहती हैं। शाम को चुन्नी बाई अपराध शाखा पहुंची लेकिन पुलिस ने मिलने से रोक दिया। चुन्नी मंदिर गई और फूट फूट कर रोने लगी।
सोनम के माता-पिता ने घर में ताला लगाया
- राजा की हत्या की मास्टर माइंड सोनम के घर में अंदर से ताला लगा हुआ है। उसके माता-पिता अब बाहर नहीं निकल रहे हैं। घर पर मीडियाकर्मी आते हैं और दरवाजा खटखटाकर चले जाते हैं।
- घर के बाहर लोगों की भीड़ लगी रहती है। कॉलोनी का बच्चा बच्चा जानने लगा है। सोनम के साथ पढ़ने वाली एक युवती ने कहा वह उसके घर के समीप रहती है पर कभी उस पर शक नहीं हुआ।
- उसने राज को घर आते देखा है। लेकिन प्रेम प्रसंग की जानकारी नहीं है। गोविंद की कार बाहर खड़ी है।
- चौथा आरोपित कोर्ट में पेश हुआ मृतक राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने मंगलवार को कहा सोनम ने आत्मसमर्पण का नाटक। इस घटना में पांच से अधिक व्यक्ति शामिल थे।
- उसका आरोप है कि सोनम की मां ने उनके परिवार से जानकारी छिपाई है। राज कुशवाह और सोनम के बीच कथित संबंध के बारे में जानती थी।
- आत्मसमर्पण करते ही भाई को फोन किया और कहा कि किसी ने उसे यहां छोड़ा था। लोगों ने बताया है कि वह बस से यहां आई थी और उसके साथ दो अन्य लोग थे।
- विपिन को पुलिस जांच पर भरोसा है। उधर शिलांग पुलिस ने चौथे आरोपित आनंद को मंगलवार को जिला कोर्ट पेश कर 7 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर ले लिया।
गाजीपुर पहुंचने का राज ढूंढ रही पुलिस
आरोपित सोनम के गाजीपुर पहुंचने की कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही है। पुलिस को शक है उसकी मदद की गई है। सोनम यूपी में ही छुपी थी। पूरी स्क्रिप्ट लिखी जा चुकी थी। साजिश के मुताबिक ढाबे पर पहुंची और भाई गोविंद का फोन लगाया।
ये हैं सारे आरोपी
राज कुशवाह (कछवाह) मूलत: रामपुर (उप्र) का है। लक्ष्मणपुरा में रहता है। गोविंद रघुवंशी के यहां नौकरी करता है।
आकाश राजपूत: नंदबाग कॉलोनी में रहता है। इसको ललितपुर (उप्र) से पकड़ा है। बीबीए का छात्र है। आनंद कुर्मी: कॉलेज छात्र है। नंदबाग कॉलोनी में ही रहता है।
विशाल उर्फ विक्की: आरोपित राज का खास दोस्त है। पहले रैपिडो चलाता था। फिलहाल बेरोजगार है।
शिलांग में राजा को श्रद्धांजलि दी, सोनम के फोटो पर कालिख पोती
शिलांग सोहरा में रहवासियों ने राजा को श्रद्धांजलि दी। बड़ा फोटो लगाया था। सोहरा क्षेत्र के लोगों ने कैंडल मार्च भी निकाला। और राजा के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा मेघालय के लोग पर्यटकों के लिए हैं। अपराधियों के लिए नहीं हैं। राजा के स्वजन ने मंगलवार को सोनम के फोटो फाड़े और मुंह पर कालिख पोती। दोपहर को क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने विपिन रघुवंशी से भी मुलाकात की।