Sushma Swaraj Death : इंदौर में ही किया था चुनाव न लड़ने का ऐलान
Sushma Swaraj Death : सुषमा ने 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान इंदौर में किया था।
By Prashant Pandey
Edited By: Prashant Pandey
Publish Date: Wed, 07 Aug 2019 08:49:39 AM (IST)
Updated Date: Wed, 07 Aug 2019 08:55:27 AM (IST)
इंदौर। पूर्व विदेश मंत्री व भाजपा की कद्दावर नेता सुषमा स्वराज का मंगलवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। सुषमा ने 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान इंदौर में किया था। वे 20 नवंबर 2018 को आई थीं और खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए पत्रकारों से कहा था कि वे आगामी चुनाव नहीं लड़ेंगी। वे अगला चुनाव नहीं लड़ने का पूरा मन बना चुकी हैं। किडनी प्रत्यारोपण के बाद डॉक्टर ने उन्हें धूल से दूर रहने की सलाह दी है।
पसंद था इंदौरी नमकीन
सुषमा स्वराज के समर्थक गोपीकृष्ण नेमा ने बताया कि इंदौर का नमकीन उन्हें काफी पसंद था।
खुलवाया था पासपोर्ट ऑफिस : विदेश मंत्री रहते हुए सुषमा स्वराज ने इंदौर में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की घोषणा की थी।
गीता को लाई थीं भारत
पाकिस्तान की एक सामाजिक संस्था में बचपन से रह रही मूक-बधिर गीता के माता-पिता के भारत में होने की जानकारी मिलने पर सुषमा स्वराज ने उसे मिलाने का वादा किया था। 26 अक्टूबर 2016 को गीता दिल्ली पहुंची। अगले दिन स्कीम नंबर 71 में स्थित एक मूक-बधिर संगठन को सौंपा गया।