
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। साइबर ठगों ने ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए इंदौर के एक युवक के बैंक खाते का इस्तेमाल किया। पीड़ितों ने शिकायत की और क्राइम ब्रांच ने एफआइआर दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके खाते के खिलाफ पांच राज्यों के अलग-अलग थानों में शिकायतें मिली हैं।
एडीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार राज्य साइबर पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आइ4सी) तथा एनसीआरपी पोर्टल पर उपलब्ध डेटा का विश्लेषण कर बैंक ऑफ इंडिया (विजय नगर) की जानकारी निकाली है। खाता मां शारदा नगर निवासी गौरव तिवारी के नाम का है। उसमें लाखों रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। पुलिस ने गौरव को गिरफ्तार कर लिया है।
एडीसीपी के अनुसार गौरव के खाते के खिलाफ गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और बंगाल से शिकायतें दर्ज मिली हैं। इनमें गुजरात के सूरत, वलसाड और बनासकांठा, कर्नाटक के बेंगलुरु सिटी, महाराष्ट्र के बृहन्मुंबई और नवी मुंबई, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और सोनभद्र तथा पश्चिम बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर की शिकायतें शामिल हैं।
साइबर ठगी का एक मामला चंदननगर थाने में भी दर्ज हुआ है। पीड़ित ने खाते से 7 लाख 69 हजार रुपये कटने की शिकायत की है। फरियादी शाहीद पुत्र रोशन खान निवासी अहमद नगर बांक के अनुसार वह गूगल पर अस्पताल के नंबर ढूंढ रहा था। एक नंबर पर कॉल लगाया तो उसने 10 रुपये की पर्ची बनवाने के लिए कहा था।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में बाइक चालान का फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक, खाते से 96,786 रुपये पार
पर्ची बनवाने के लिए ठग ने वाट्सएप पर पिन जनरेट करवाया था। जैसे ही शाहीद ने 10 रुपये का ट्रांजेक्शन किया मोबाइल बंद हो गया। थोड़ी देर में खाते से 7 लाख 69 हजार रुपये कट गए। साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद चंदन नगर पुलिस ने शून्य पर केस दर्ज किया है।