
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी भूमि पर बने मकानों और अन्य निजी संपत्तियों को कानूनी अधिकार देने की दिशा में मप्र सरकार गुरुवार से बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से सेवा-संकल्प अभियान के साथ स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 शुरू होगी। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव इंदौर से योजना का प्रदेशव्यापी शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि के रहवासियों की करीब 50 लाख निजी संपत्तियों की रजिस्ट्री निश्शुल्क की जाएगी। पंजीयन के लिए हितग्राहियों से स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क नहीं लिया जाएगा। मुख्यमंत्री इसी कार्यक्रम में डीबीटी के माध्यम से पंजीकृत एवं संचालित गोशालाओं को 66.74 करोड़ अनुदान अंतरित करेंगे।
नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला मध्यप्रदेश का दौरा है। खास बात यह है कि उनकी व्यस्तता को देखते हुए इंदौर में कोई स्वागत रैली या शोभायात्रा आयोजित नहीं की जाएगी। इस दौरान स्वामित्व योजना के तहत 40 सालों से जमीन और मकान पर रह रहे लोगों को वैध दस्तावेज या पट्टा का स्वामित्व अधिकार दिया जाएगा।
इंदौर संभाग और आसपास के क्षेत्र के 30 हजार लोगों को स्वामित्व के पट्टे दिए जाने की तैयारी है। कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- एमपी वालों के लिए बड़ी खुशखबरी... आज से 50 लाख ग्रामीणों को फ्री रजिस्ट्री, उज्जैन में जलेंगे 25 लाख दीये
बता दें कि, लाभार्थियों की आवाजाही के लिए 1800 से दो हजार बसों की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन कार्यक्रम स्थल, रूट, पार्किंग, सुरक्षा, सीसीटीवी और बारिश से बचाव की तैयारियों पर काम कर रहा है। गौरतलब है कि नितिन नबीन का दौरा इंदौर के बाद उज्जैन तक जारी रहेगा। 17 सितंबर को उज्जैन में शिप्रा तट पर होने वाले दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 18 सितंबर को महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे।