IRCTC Train: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। मध्यप्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन लिमिटेड (आइआरसीटीसी) द्वारा स्वदेश दर्शन विशेष पर्यटन ट्रैन का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन 10 नवंबर को यात्रियों को इंदौर शहर से पुरी गंगासागर के साथ कामाख्या यात्रा के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन मध्यप्रदेश के इंदौर, रानी कमलापति (भोपाल) एवं जबलपुर स्टेशनों से होते हुए जाएगी, जहां से यात्री इस ट्रेन पर सवार हो सकेंगे। 09 रातें / 10 दिनों की इस यात्रा में पुरी, गंगासागर एवं कामाख्या के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके लिए यात्रियों को 16,950 रुपये प्रति व्यक्ति का खर्च उठाना होगा।
आइआरसीटीसी के अधिकारियों ने बताया कि इसमें चाय, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन सहित नान एसी स्टैंडर्ड होटल में रात्रि विश्राम, स्नान की सुविधा दी जाएगी। स्थानीय भ्रमण के लिए टूरिस्ट बसों की सुविधा प्रदान की जाएगी। टिकट शुल्क में ही यात्रियों को चार लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी शामिल रहेगा। इस यात्रा में श्रद्धालुओं की हर सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। कोविड नियमों का पालन होगा। इस ट्रैन की बुकिंग प्रारंभ हो चुकी है, पर्यटक इसकी बुकिंग की (आइआरसीटीसी) वेबसाइट www.irctctourism.com पर आनलाइन व अधिकृत एजेंट से भी करा सकते है।
विस्तारा ने बंद की दोपहर की मुंबई उड़ान
विस्तारा एयरलाइंस ने देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से संचालित होने वाली मुंबई उड़ान को बंद कर दिया है। इस उड़ान को कम यात्री मिल रहे थे। जानकारी के अनुसार एक अगस्त से कंपनी ने इस उड़ान को बंद कर दिया है। यह उड़ान दो माह पहले शुरू हुई थी, जिसमें उड़ान दोपहर दो बजे मुंबई से आकर ढ़ाई बजे वापस मुंबई जाती थी, लेकिन कंपनी ने अचानक इसे बंद कर दिया है। ट्रेवल एजेंटों का कहना है कि इस कारण से यात्रियों को परेशानी होगी। इस कारण यात्रियों को दोपहर में मुंबई जाने का विकल्प मिलता था। इस कारण अब दिक्कत हो जाएगी। वही पहले से चल रही इंडिगो और एयर इंडिया की उड़ानों पर लोड बढ़ जाएगा।