
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : मंगलवार सुबह एक टेम्पो ट्रैवलर के चालक ने कुछ वाहनों को टक्कर मार दी। हीरानगर क्षेत्र में लोडिंग वाहन को टक्कर मारने के बाद चालक बाणगंगा पहुंचा, जहां बाइक सवार को टक्कर मारते हुए बिजली के पोल में जा घुसा।
घटना के बाद लोगों ने करीब दो किलोमीटर तक वाहन का पीछा किया और चालक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे चालक को पसली सहित शरीर में अन्य जगहों पर गंभीर चोटें आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया। घायल आइसीयू में भर्ती है। हादसे में घायल बाइक सवार और एक अन्य व्यक्ति को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एडिशनल डीसीपी ओमप्रकाश के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मानसिक रूप से बीमार बताए जा रहे एक युवक ने सयाजी होटल के पास खड़ी चाबी लगी टेम्पो ट्रैवलर गाड़ी ले ली। इसके बाद वह तेज गति से वाहन चलाते हुए हीरानगर क्षेत्र में कर्णवात पान कॉर्नर के सामने पहुंचा और एक लोडिंग वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
लोडिंग वाहन को टक्कर मारने के बाद चालक वहां से निकल गया और बाणगंगा क्षेत्र में पहुंचा। यहां उसने बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर कुछ दूरी पर बिजली के पोल में वाहन घुसा दिया। लगातार टक्करों के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद अन्य वाहन चालकों ने टेम्पो ट्रैवलर का करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया। बाणगंगा में वाहन रुकने के बाद राहगीरों और वाहन चालकों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टेम्पो ट्रैवलर, बाइक और लोडिंग रिक्शा जब्त कर थाने पहुंचा दिए हैं। हादसे में खातीपुरा निवासी इंद्रपाल सहित दो घायलों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। चालक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- राजगढ़ विधायक की कार ने कुरावर में बाइक को मारी टक्कर, पिता की मौत और बेटा गंभीर रूप से घायल