
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा को ‘छात्रों की गूंज’ से डर लग रहा है। इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के लिए 10 लाख रुपये की जगह 10 करोड़ रुपये भी मांगे जाते, तब भी हम देने को तैयार थे। यहां मुद्दा पैसे का नहीं बल्कि छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों को सामने लाने का है। उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और बेरोजगारी को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला।
पटवारी ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लगातार कमजोर किया जा रहा है। प्रदेश के अनेक स्कूल जर्जर हैं, शिक्षकों की कमी है, शिक्षा महंगी होती जा रही है और सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर विद्यार्थियों का भरोसा लगातार कम हो रहा है। उच्च शिक्षा संस्थानों में वैचारिक हस्तक्षेप बढ़ना गंभीर चिंता का विषय है। पटवारी ने आरोप लगाया कि शिक्षा संस्थानों को ज्ञान और शोध के केंद्र के बजाय एक विशेष विचारधारा के प्रभाव में लाने का प्रयास किया जा रहा है।
पटवारी ने कहा कि प्रदेश के 2026-27 बजट में शिक्षा, खेल, कला एवं संस्कृति क्षेत्र के लिए 52,917 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। यह पिछले वर्ष के मुकाबले ज्यादा है। बजट बढ़ाने का दावा अपनी जगह है लेकिन यह देखा जाना चाहिए कि इसका लाभ विद्यार्थी और शिक्षक तक कितना पहुंच रहा है। प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती व्यवस्था को लेकर युवाओं का विश्वास कम हुआ है। बड़ी संख्या में प्रदेश का युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख कर रहा है।
पटवारी ने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी लगभग एक घंटे तक विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। जिस मैदान में यह कार्यक्रम होने वाला है उसे ‘भारत जोड़ो मैदान’ नाम दिया गया है। कार्यक्रम में युवाओं के लिए विशेष लाइव प्रस्तुतियां भी होंगी। कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से युवा पहुंचेंगे।
मीडिया से चर्चा में राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े भी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के कार्यक्रम को मिला मैदान, कांग्रेस ने IDA को चुकाए 10 लाख रुपये, Gen-Z को लुभाने की तैयारी