यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
History Of Indore: कई शैलियों की स्थापत्यकला की खूबसूरती लिए है यहां की इमारतें
History Of Indore: आज का जो चितावद है वहां कभी बौद्ध साधकों के चैत्यवाद हुआ करते थे जिसके आधार पर इसका नाम चितावद पड़ा।
By Sameer DeshpandeEdited By: Sameer Deshpande
Publish Date: Sat, 20 Aug 2022 02:55:55 PM (IST)Updated Date: Sat, 20 Aug 2022 02:55:55 PM (IST)

History Of Indore: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। इस शहर को बेशक पहचान मल्हारराव होलकर को सुबेदारी मिलने के बाद मिली लेकिन इतिहास के पन्नों, उत्खनन में मिले प्रमाण और स्थापत्यकला के नमूने यह बताते हैं कि यहां चार-साढ़े चार हजार वर्ष पहले भी लोग रहा करते थे और आज का जो चितावद है वहां कभी बौद्ध साधकों के चैत्यवाद हुआ करते थे जिसके आधार पर इस स्थान का नाम चितावद पड़ा।
यह बात शहर के केंद्रीय संग्रहालय के प्रभारी संग्रहाध्यक्ष आशुतोष महाशब्दे ने कही। उन्होंने शहर के इतिहास के बारे में बताया कि बात अगर शहर के नाम की ही करें तो जिस इंद्रेश्वर मंदिर के नाम पर शहर का नाम रखा गया उस मंदिर का गर्भगृह 916 से 922 के आसपास दक्षिण के राष्ट्रकूट शासक इंद्र तृतीय ने बनवाया था। दक्षिण से उत्तर गया यह शासक जब दक्षिण की ओर लौट रहा था तो इंदौर में उसका पड़ाव था और यहां उन्होंने इंद्रेश्वर मंदिर बनवाया। मंदिर का गर्भगृह राष्ट्रकूट शैली का है। भगवान शिव को समर्पित मंदिर चूंकि इंद्र राजा ने बनवाया था इसलिए मंदिर का नाम इंद्रेश्वर रखा गया। बाद में मल्हारराव होलकर ने 1741 में मंदिर का जीर्णोद्धार कराया।
शहर की स्थापत्यकला बहुत अनूठी है। 1741 से 1950 तक बनी यहां की इमारतों में मराठा, राजपूत, इस्लाम और यूरोपियन शैली की वास्तुकला साफ नजर आती है। यहां नागर और दक्षिण भारतीय शैली भी छत्री और मंदिरों में दिखती है। 1745 से 1750 के राजवाड़ा के जिस भाग का निर्माण हुआ उसमें कई स्थापत्य शैली का समावेश है। यहां के स्तंभ मराठा शैली के, दरवाजे, झरोखे और मेहराब राजपूत शैली के तथा गणेश हाल यूरोपियन शैली में बना है।
इसी तरह लालबाग पैलेस बरोकी और रोकोको शैली में बना है जो कि फ्रांस में 1780 में आई थी। इस शैली की खूबी है कि स्तंभ और छत अलंकृत होती है जिसके लिए पेंटिंग और झूमर का उपयोग होता है। यहां दो भोजन कक्ष में से एक राजपूताना और दूसरा मुगल स्थापत्यकला की खूबसूरती लिए है। होलकर शासकों ने किसी एक शैली की ही स्थापत्य कला को नहीं अपनाया। पंढरीनाथ मंदिर का गर्भगृह नागर शैली का है तो सभामंडप पर बना गुंबद इस्लामिक शैली का है। गुंबद निर्माण की यही शैली छत्रियों में भी अपनाई गई। हरिराव होलकर की छत्री की बात करें तो वह दक्षिण भारतीय शैली में बनी है। शहर में एकमात्र यह छत्री है जो इस शैली में बनाई गई है। डेली कालेज के गुबंद राजपूत शैली में बनवाए गए तो पुराने मेडिकल कालेज की इमारत यूरोपियन शैली की हैं और इसकी मिनारे गोथिक शैली में बनाई गई।