
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने पुलिस उपायुक्त को पत्र लिखकर पूछा है कि राहुल गांधी के आयोजन के लिए कांग्रेस को मैदान आवंटित किया जाए या नहीं? 19 सितंबर को होने वाले छात्रों की गूंज के लिए कांग्रेस ने आईडीए को लिखित आवेदन देकर रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान पांच दिन के लिए आवंटित करने की मांग की है। आईडीए की ओर से मंगलवार को लिखा गया पत्र लीक हो गया है। इस पर कांग्रेस ने भी सवाल खड़ा किया है और सरकार का दबाव व डर का असर बताया है।
मंगलवार को आईडीए के संपदा अधिकारी जोन वन पुलिस उपायुक्त को पत्र लिखा है। पत्र में हवाला दिया गया है कि शहर कांग्रेस कमेटी ने 6 सितंबर को पत्र लिखकर छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए आइडीए के स्वामित्व वाले रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान की मांग की है।
उक्त कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेता राहुल गांधी आ रहे हैं। कार्यक्रम में अधिक भीड़ होने की संभावना है। आईडीए ने पुलिस से पूछा है कि ऐसी स्थिति में लॉ एंड ऑर्डर की दृष्टि से उक्त स्थल पर कार्यक्रम की अनुमति प्रदान की जा सकती है क्या?
इस संबंध में अभिमत पुलिस उपायुक्त से आईडीए के अधिकारी ने मांगा है।दूसरी ओर इससे पहले कांग्रेस द्वारा नगर निगम से नेहरू स्टेडियम आवंटन की जो मांग की गई थी उससे भी नगर निगम ने इनकार कर दिया है। मंगलवार को ही अपर आयुक्त ने शहर कांग्रेस कमेटी को पत्र लिखकर जवाब दिया है।
नगर निगम के एमआइसी संकल्प 9-6-2010 और पूर्व में कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए नगर निगम की ओर से कांग्रेस को लिखा गया है कि स्टेडियम खेल गतिविधियों, निर्वाचन कार्य, राज्य शासन के आयोजन और प्राकृतिक आपदा के अलावा अन्य गतिविधियों के लिए ही दिया जा सकता है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि नगर निगम और आइडीए दोनों ने सरकार और भाजपा के दबाव में निर्णय लिया है। एक ही दिन एक साथ ये पत्र अधिकारियों से लिखवाए गए हैं। खास बात है कि रीजनल पार्क के सामने वाला मैदान तो आइडीए की संपत्ति व अधिकार क्षेत्र में है।
अपनी संपत्ति को लीज पर देने के लिए आइडीए के अधिकारी पुलिस से सलाह ले रहे हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है। भयग्रस्त भाजपा सरकार किसी भी स्थिति में राहुल गांधी का आयोजन होने से रोकना चाहती है। यदि सरकार ऐसी हरकत करती रही तो राहुल गांधी इंदौर में छात्रों के बीच उनसे मिलने सड़क पर भी निकलेंगे।