
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य में एक ऐतिहासिक क्रांति की शुरुआत हो चुकी है। धार जिले की बदनावर तहसील के भैंसोला गांव में देश के सबसे बड़े 'पीएम मित्र पार्क' (PM Mega Integrated Textile Region and Apparel Park) का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
लगभग 2,156 एकड़ के विशाल भूभाग पर फैला यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट न केवल धार, बल्कि इंदौर सहित पूरे मालवा-निमाड़ क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने की क्षमता रखता है। ₹2,063 करोड़ की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर इंदौर देश के एक प्रमुख टेक्सटाइल और गारमेंट हब के रूप में वैश्विक पटल पर उभरेगा।
इस हाई-टेक टेक्सटाइल पार्क को लेकर औद्योगिक जगत में भारी उत्साह है। सरकार को अब तक अलग-अलग बड़ी कंपनियों से ₹20,000 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। जमीन आवंटन की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है, जिसके दो चरण पहले ही पूरे किए जा चुके हैं और लगभग 1,100 एकड़ भूमि उद्योगपतियों को दी जा चुकी है।
बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन जल्द ही भूमि आवंटन के तीसरे चरण की शुरुआत करने जा रहा है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस मेगा पार्क के पूरी तरह शुरू होने के बाद क्षेत्र के 46 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
पार्क के भीतर बाह्य विद्युत अधोसंरचना (External Electrification) का काम पूरा कर लिया गया है और उद्योगों को बिना रुकावट बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत वितरण का लाइसेंस भी मिल चुका है। फिलहाल सड़कों, ड्रेनेज सिस्टम और जलापूर्ति नेटवर्क का काम अपने अंतिम चरण में है।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस पार्क को बेहद इको-फ्रेंडली बनाया जा रहा है। यहां फैक्ट्रियों से निकलने वाले केमिकल युक्त और गंदे पानी को रीसायकल करने के लिए अत्याधुनिक ऑटोमैटिक ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जा रहे हैं, ताकि आसपास की नदियों में सिर्फ साफ पानी ही पहुंचे।
इसके अतिरिक्त, एक 'कॉमन फैसिलिटी सेंटर' तैयार किया जा रहा है, जिसमें स्थापित की जाने वाली महंगी और आधुनिक मशीनों का उपयोग पार्क की सभी फैक्ट्रियां साझा तौर पर कर सकेंगी। तैयार कपड़ों की गुणवत्ता परखने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की 'क्वालिटी चेक लैब' भी स्थापित की जा रही है।
नए विचारों और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए पार्क में एक विशेष 'इन्क्यूबेशन सेंटर' भी बनाया जा रहा है। यह सेंटर उन युवाओं के लिए बेहद मददगार साबित होगा जो टेक्सटाइल या फैशन के क्षेत्र में अपना नया स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं। यहां उन्हें न केवल हाई-स्पीड इंटरनेट के साथ ऑफिस स्पेस मिलेगा, बल्कि बिजनेस एक्सपर्ट्स का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों की बढ़ी परेशानी... छत्तीसगढ़ समेत देशभर में कई ट्रेनें रद, सफर करने से पहले देख लें यह लिस्ट
लॉजिस्टिक्स और माल परिवहन को सुगम बनाने के लिए इस पार्क को फोरलेन सड़क के जरिए राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रतिष्ठित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से सीधे जोड़ दिया गया है। इससे कच्चा माल लाने और तैयार उत्पादों को देश के बड़े बंदरगाहों व बाजारों तक भेजने में समय और लागत दोनों की बड़ी बचत होगी। सड़क मार्ग के साथ-साथ इस पार्क को रेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है।
केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय और मध्य प्रदेश शासन द्वारा इस ड्रीम प्रोजेक्ट की प्रगति की निरंतर समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना के पूर्ण होते ही मध्य प्रदेश कपड़ा उद्योग के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और निर्यात का एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।