इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शहर के विजय नगर क्षेत्र की स्कीम नंबर-54 स्थित आनंद मोहन माथुर सभागृह में शनिवार-रविवार की रात आग लग गई। सभागृह के अंदर लगी आग से काफी नुकसान हुआ है। इसमें मंच, पीछे का द्वार, छत, म्यूजिक सिस्टम, स्पीकर सेट, लाइटिंग सिस्टम और आगे की पंक्ति की कुछ कुर्सियां जल गईं।
उल्लेखनीय है कि यह सभागृह आनंद मोहन माथुर चैरिटेबल ट्रस्ट के जरिये संचालित किया जाता है। सभागृह में सालभर सामाजिक, शासकीय और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते रहते हैं। बताया जाता है कि 24 मार्च को यहां अंतिम कार्यक्रम हुआ था। इसके बाद कोरोना संक्रमण के कारण यहां अब तक कोई कार्यक्रम नहीं हुआ। ट्रस्ट की ओर से कुछ समय से सभागृह के आंतरिक रखरखाव का काम कराया जा रहा था। हाल ही में यहां नया मंच बनाया गया था। कुर्सियों का भी नवीनीकरण किया गया। बिजली और साउंड सिस्टम का काम चल रहा था। शनिवार को भी दिन में यहां बिजली का काम चला। आशंका जाहिर की जा रही है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी। आग लगने के समय यहां सुरक्षा कर्मचारी सुशील शर्मा और शिशुपाल सिंह मौजूद थे।
सुबह 5 बजे जब शर्मा बाथरूम जाने के लिए उठे तो उन्हें सभागृह के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। उन्होंने सिंह को जगाया। पहले तो दोनों को समझ में ही नहीं आया कि आग किस तरफ लगी है? जब उन्होंने सभागृह का मुख्य द्वार खोला तो अंदर से धुआं तेजी से बाहर निकला। उन्होंने नलों में पाइप जोड़कर आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत सभागृह के सुपरवाइजर अशोक शर्मा और अब्दुल हमीद को भी जानकारी दी। साथ ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड को भी बताया।
ट्रस्ट के सचिव अभिनव पी. धनोड़कर ने बताया कि सभागृह बनाने वाले इंजीनियर और नगर निगम के जोन अधिकारी के साथ हमने मुआयना किया है। मरम्मत में काफी खर्च होगा और इसमें चार-पांच महीने लग जाएंगे।