
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। वीआईपी से एयरपोर्ट रोड को जाेड़ने वाले 60 फीट रोड फुटपाथों की स्थिति दयनीय है। जगह-जगह अतिक्रमण और पार्किंग के कारण पूरी रोड़ पर फुटपाथ के ठिकाने नहीं है। ऐसे में पैदल यात्रियों को वाहनों की आवाजाही के बीच से सफर तय करना पड़ता है। एक भी ऐसा स्थान नहीं है, जहां फुटपाथ कब्जे से मुक्त नजर हो। कहीं दुकानों का सामान बाहर पड़ा है, तो कहीं फुटपाथ को पार्किंग बना दिया गया है।
60 फीट रोड पर दो प्रकार की स्थिति देखने को मिलती है। एयरपोर्ट रोड़ से लेकर पेट्रोल पंप तक फुटपाथ पर दुकानदारों के कब्जे हैं। दुकानदारों ने अपने अनुसार निर्माण कर फुटपाथ को दुकान का सामान रखने लायक बना लिया है। खाने-पीने की दुकानों के बाहर फुटपाथ पर या तो स्टाल नजर आते हैं या टेबल कुर्सी रखी गई है। दूसरी ओर पेट्रोल पंप से लेकर वीआईपी रोड़ पर सड़क और दुकान न दुकानों के बीच कई स्थानों पर काफी कम जगह बचती है। ऐसे में यहां फुटपाथ का नामो निशान नहीं है। कुछ स्थानों पर मकान और दुकान सीधे सड़क से लगे हुए हैं, ऐसे में यहां फुटपाथ बनाने का कोई स्थान नहीं है।
पिछले वर्ष नगर निगम द्वारा दुकानों के सामने ड्रेनेज लाइन डालने के लिए खोदाई की गई थी, कुछ स्थानों पर सुधार हो चुका है, जबकि कई स्थान ऐसे भी है, जहां कोई सुधार कार्य नहीं किया गया है। विगत वर्ष से ही क्षेत्र खुदा पड़ा होने से यहां भी फुटपाथ के लिए जगह नहीं बचती है और यह स्थान अब पार्किंग के रूप में उपयोग किया जा रहा है। इससे सड़की चौड़ाई भी काफी कम हो चुकी है।
फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यहां नगर निगम द्वारा कुछ माह पूर्व कार्रवाई की गई थी, जिसके चलते दुकानों के बाहर बने ओटले तोड़े गए। इसके बाद जिम्मेदारों को यहां फुटपाथ का निर्माण कार्य करवाना था, लेकिन कार्रवाई के बाद क्षेत्र की कोई सुध नहीं ली, नतीजतन दुकानदारों ने अपनी मर्जी के अनुसार निर्माण कार्य कर लिया और इसका दुकान का सामन रखने के लिए उपयोग करने लगे। कुल मिलाकर जिम्मदारों की लापरवाही और दुकानदारों के अतिक्रमण का परिणाम जनता भुगत रही है और क्षेत्र में फुटपाथ के स्थान पर कब्जे नजर आते हैं।
पूरे रोड पर पैदल यात्रियों के चलने लायक जगह नहीं बचती। लिहाजा पैदल यात्रियों को वाहनों के बीच से सफर तय करना पड़ता है। कई बाहर वाहन स्पीड से आते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। - सर्वेश जैन, रहवासी
दुकानों के बाहर ही खाने-पीने के स्टॉल लगे हैं। कुछ दुकानदारों ने तो फुटपाथ पर ही टेबल कुर्सियां लगा रखी है। यदि कोई वाहन का कंट्रोल बिगड़ता है तो हादसा हो सकता है। -राजेश तिवारी, रहवासी
क्षेत्र में फुटपाथ पर हो रहे अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए रिमूवल विभाग के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में बने अवैध ओटलों को भी भवन अधिकारी के माध्यम से हटावाया जाएगा। - अभय राजगांवकर, अपर आयुक्त, नगर निगम