
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शनिवार को इंदौर मेट्रो के नए चरण के शुभारंभ का कार्यक्रम सिर्फ एक परियोजना की शुरुआत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इंदौर के आगामी वर्षों के विकास का रोडमैप भी सामने आया।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से मेट्रो को शहर के भीतर सीमित रखने के बजाय आसपास के औद्योगिक और तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीथमपुर-महू से लेकर देवास, उज्जैन, अवंतिका और आगे मक्सी तक मेट्रो विस्तार किया जाएगा। विस्तार का यह कार्य अगले 10-15 वर्षो तक जारी रहेगा।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर मेट्रो की मूल सोच केवल शहर के भीतर आवागमन आसान करना नहीं थी। इसका उद्देश्य विस्तारित इंदौर को बेहतर कनेक्टिविटी देकर शहर के विकास को आसपास के क्षेत्रों तक ले जाना था।
उन्होंने कहा कि 15 महीने की कांग्रेस सरकार के दौरान परियोजना की दिशा बदली और मेट्रो शहर के भीतर केंद्रित हो गई। अब मूल उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए इसे बाहरी क्षेत्रों से जोड़ा जाएगा। विजयवर्गीय ने कहा कि मेट्रो का पहला चरण शहर में पूरा हो चुका है और दूसरे चरण का काम आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसके लिए आवश्यक स्वीकृति दी है। इसके बाद पीथमपुर और महू को जोड़ते हुए औद्योगिक क्षेत्रों के रास्ते देवास, उज्जैन, अवंतिकापुरी और मक्सी तक विस्तार की योजना है।
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि शहर के प्रमुख हिस्सों में मेट्रो को भूमिगत करने का निर्णय इंदौर की सुंदरता को ध्यान में रखकर लिया गया है। एमजी रोड जैसी सड़कों पर खंभे लगाने से शहर की पहचान प्रभावित हो सकती थी। भूमिगत मेट्रो से लागत जरूर बढ़ेगी, लेकिन शहर की खूबसूरती और विरासत को बचाना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में यह भी स्पष्ट किया गया कि मेट्रो का विस्तार केवल परिवहन सुविधा नहीं बढ़ाएगा, बल्कि इंदौर के विकास को विकेंद्रित करने में अहम भूमिका निभाएगा। पीथमपुर, अवंतिका और मक्सी जैसे औद्योगिक क्षेत्र, देवास और उज्जैन जैसे धार्मिक शहरों के जुड़ने से रोजगार, उद्योग, व्यापार, पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
विजयनगर, रेडिसन व बापट चौराहे से गांधी नगर मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो चलेगी। ऐसे में शहर के इस हिस्से से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सुविधा देने के लिए मेट्रो प्रबंधन विचार कर रहा है। एआइसीटीएसएल या निजी एजेंसी के माध्यम से एयरपोर्ट पर आने -जाने वाली फ्लाइट को ध्यान में रख शटल बस सेवा शुरू की जाएगी।
यह भी पढ़ें- 21 जून से नए रूट पर दौड़ेगी इंदौर मेट्रो, रोजाना 4 से 6 लाख लोगों को मिलेगा फायदा, अगले 3-4 दिनों में तय होगा किराया