Health Tips: रंगों में छुपा है सेहत का राज
Health Tips: लाल प्राथमिक रंगों में से यह एक महत्वपूर्ण रंग है जो उत्साह, शक्तिदायक, ऊर्जा से भरपूर, उत्तेजक, दर्दनाशक है।
By Sameer Deshpande
Edited By: Sameer Deshpande
Publish Date: Mon, 05 Sep 2022 09:20:09 AM (IST)
Updated Date: Mon, 05 Sep 2022 09:20:09 AM (IST)

Health Tips: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। प्रकृति में जो रंग समाए हैं वह केवल खूबसूरती के लिए ही नहीं है बल्कि उनका अपना महत्व है। यह रंग हमारे शरीर तथा मन पर बहुत गहरा प्रभाव डालते हैं। प्राकृतिक चिकित्सक वृंदा खांडवे के अनुसार हर रंग का अपना महत्व होता है। जिन लोगों को लाल रंग अच्छा लगता है या जो लाल रंग से आकर्षित होते हैं वह हमेशा अपने जीवन में प्रफुल्लित, उत्साहित व उमंग से भरपूर रहते हैं। वह लोग हमेशा खुश रहते हैं। क्या आपने सोचा है कि हमारे शरीर में रक्त का रंग लाल क्यों है ? लाल रंग की थीम पर काम करने वालों का कार्य अधिक सफल होता है और वह हमेशा सकारात्मक सोच वाले होते हैं।
लाल रंग प्रकृति में पूर्णता का रंग है। लाल प्राथमिक रंगों में से यह एक महत्वपूर्ण रंग है जो उत्साह, शक्तिदायक, ऊर्जा से भरपूर, उत्तेजक, दर्दनाशक है। हमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक सभी तरह से पूर्ण रूप से बलशाली बनाने वाला रंग है। लाल रंग शरीर में गर्मी, स्फूर्ति, शक्ति देता है और ऊर्जा से भरपूर रखता है। यह शरीर की मासपेशियों स्वस्थ रखता है, हीमोग्लोबिन बढ़ाता है, नर्वस सिस्टम को अच्छा रखता है, अंगों की अकड़न को दूर करता है तथा वातजनित रोगों का नाश करता है।
गैसेस, एसिडिटी, जोड़ों का दर्द, गठिया, खून की कमी, माहवारी की समस्या, निम्न रक्तचाप, बच्चों में बेड वेटिंग को दूर करने जैसी कई समस्याओं में लाल रंग का महत्व है। हमारे शरीर में लाल रंग की अधिकता हो जाए तो गर्मी बढ़ जाती है, दस्त, पेट में मरोड़, बैचेनी, उल्टी, अनिद्रा हो सकती है। वहीं अगर हमारे शरीर में लाल रंग की कमी हो जाए तो सुस्ती, नींद अधिक आना, शक्ति व ऊर्जा की कमी, भूख नहीं लगना, ठंड अधिक लगना, हाथ-पैर में कम्पन भी आ सकता है। चिकित्सा के क्षेत्र में लाल रंग का बहुत महत्व है।