
इंदौर। व्यस्ततम एमजी रोड पर बाइक के साइलेंसर से गोली तैसी आवाज निकाल रहे युवक को ट्रैफिक पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। नियमों का उल्लघंन करने पर उसकी बाइक को जब्त कर थाने लाया गया। यहां न्यायालय का चालान काट कर गाड़ी से इग्नीशन और साइलेंसर निकाल दिया गया।
घटना शुक्रवार शाम की है। रीगल तिराहे से गुजर रहे डीएसपी प्रदीपसिंह चौहान ने बाइक एमपी 09 एनपी 5976 को गुजरते देखा। इसका चालक अपनी गाड़ी से गोली जैसी आवाज निकालता हुआ जा रहा था। चौहान ने तत्काल सेट से कॉल कर गाड़ी को पकड़ने के निर्देश दिए। रेसकोर्स रोड पर आरक्षक रंजीतसिंह और अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पकड़े जाने पर बाइक सवार ने खुद का नाम अमित बताया। डीएसपी चौहान ने बताया कि गाड़ी के ओरिजनल दस्तावेज जब्त कर न्यायालय का चालान बनाया है।
मूल गाड़ी से छेड़छाड़ करना है अपराध
डीएसपी चौहान ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मूल गाड़ी से छेड़छाड़ करना अपराध की श्रेणी में आता है। इस प्रकार का साइलेंसर लगवाने से गाड़ी जहां तेज आवाज करती है, वहीं प्रदूषण भी फैलता है।
बुलेट में ज्यादा लगते हैं ऐसे साइलेंसर
बुलेट में इस प्रकार के तेज आवाज वाले साइलेंसर लगवाने का प्रचलन है। छोटी ग्वालटोली और अन्य इलाकों में 2 हजार से लेकर 5 हजार के बीच इस प्रकार के साइलेंसर आसानी से उपलब्ध हैं।
कुछ साल पहले पकड़ाए थे बाइक सवार
पुलिस ने कुछ साल पहले अन्नापूर्णा क्षेत्र में ऐसे बाइक सवारों पर कार्रवाई की थी। गोली जैसी आवाज से इलाके में दहशत फैल गई थी। तत्कालीन एडिशनल एसपी मनोजसिंह ने कार्रवाई करते हुए कुछ बाइक चालकों को हिरासत में भी लिया था। -नप्र