
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : स्वच्छ सर्वेक्षण के परिणाम तो कल यानी बुधवार 11 नवंबर को नई दिल्ली में घोषित होंगे, लेकिन इंदौर ने सोमवार को ही सिद्ध कर दिया कि स्वच्छता में उसका कोई सानी नहीं है। इंदौर यूं ही नहीं वर्षों से लगातार देशभर में स्वच्छता का सिरमौर बना हुआ है।
दीपावली के दिन रविवार को शहरवासियों ने देर रात तक जमकर आतिशबाजी की। हालत यह हो गई कि सड़कें पटाखों के कचरे से अटी पड़ी नजर आ रहीं थीं, लेकिन सोमवार सुबह नजारा एकदम बदला हुआ था। अलसुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो उन्हें सड़कें रोजाना की तरह चकाचक नजर आईं।
लग ही नहीं रहा था कि ये वहीं सड़कें हैं जो कुछ घंटे पटाखों के कचरे से अटी पड़ी थीं। यह सब कुछ संभव हुआ नगर निगम के सफाई मित्रों की मेहनत की वजह से। सोमवार अलसुबह तीन बजे से निगम की टीमें मैदान में पहुंचने लगी थीं। सुबह 4 बजे सफाई मित्रों ने अपनी-अपनी बीटों में सफाई का काम शुरू कर दिया था।
सफाई मित्रों का हौसला बढ़ाने के लिए निगम का प्रशासनिक अमला भी मैदान में था। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल खुद मैदान में उतरे। उन्होंने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों एवं कालोनियों का निरीक्षण किया। वे मधुमिलन चौराहा, जीपीओ चौराहा, सरवटे बस स्टैंड, सियागंज, महारानी रोड, कृष्णपुरा छतरी, नंदलालपुरा चौराहा, जवाहर मार्ग, बंबई बाजार, कपड़ा मार्केट, बर्तन बाजार, सराफा, एमजी रोड, खजूरी बाजार, राजवाड़ा, नगर निगम रोड, भंडारी ब्रिज, सुभाष नगर चौराहा, पाटनीपुरा चौराहा, बापट चौराहा, विजयनगर चौराहा, परदेशीपुरा चौराहा, रोबोट चौराहा, रिंग रोड, खजराना चौराहा एवं मालवा मिल सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में निकले और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
सोमवार को शहर में रोजाना के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत कचरा अधिक निकला। सामान्य दिनों में गीले कचरे की मात्रा सूखे कचरे के मुकाबले अधिक रहती है, लेकिन सोमवार को ऐसा नहीं हुआ। पटाखों की वजह से सूखा कचरा गीले कचरे से करीब 400 टन ज्यादा निकला।
सोमवार सुबह करीब चार बजे शहर के मुख्य मार्गों पर सफाई शुरू हो चुकी थी। सफाई मित्र रोजाना की तरह यूनिफार्म में अपने कार्य में जुटे थे। राजवाड़ा क्षेत्र में सबसे ज्यादा कचरा होने की आशंका थी। दीपावली के अगले दिन शहर को स्वच्छ बनाए रखने की कार्ययोजना एक सप्ताह पहले ही तैयार कर ली गई थी। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सभी सफाई मित्रों को निर्देश दिए थे कि सफाई मित्रों के साथ-साथ पूरा नगर निगम का अमला सोमवार अलसुबह चार बजे से मैदान में उतरेगा। असर यह हुआ कि सुबह आठ बजे तक शहर की मुख्य सड़कें चकाचक हो चुकी थीं।
सफाई अभियान के तहत मुख्य बाजारों, प्रमुख सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को विशेष प्राथमिकता दी गई। कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी स्थानों पर अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए गए।
अभियान की निगरानी के लिए सभी दारोगा, सहायक सीएसआइ, सीएसआइ, स्वास्थ्य अधिकारी उन्हें आवंटित क्षेत्रों में उपस्थित थे। जोनल अधिकारियों और अपर आयुक्तों ने सतत निगरानी की। इसके अलावा पानी, ड्रेनेज, बिजली और स्वच्छता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी फील्ड में थे।
एकत्रित कचरे के निबटान के इंतजाम भी किए गए थे। नगर निगम के सभी ट्रैक्टर, डंपर और सफाई वाहन फील्ड में लगाए गए थे ताकि किसी भी क्षेत्र में कचरा शेष न रहे। कचरा ट्रांसफर स्टेशनों से लेकर प्रोसेसिंग साइट तक कचरे के समयबद्ध स्थानांतरण की विशेष व्यवस्था की गई थी।
हमने सोमवार की सफाई के लिए विशेष योजना तैयार की थी। इसी का असर देखने को मिला कि सुबह जब लोग नींद से जागकर घरों से बाहर निकले तो उन्हें शहर चकाचक मिला। यह हमारे शहर की विशेषता है। -पुष्यमित्र भार्गव महापौर इंदौर
सोमवार को 1600 टन से ज्यादा कचरा निकला। यह सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा निकला। सुबह आठ बजे तक हम मुख्य मार्गों की सफाई पूरी कर चुके थे। इसके बाद गलियों की सफाई शुरू की गई। यह नगर निगम के टीम वर्क का बेहतरीन उदाहरण है। -विवेक गंगराडे, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी इंदौर
नगर निगम की टीम ने मुख्य मार्ग तो चकाचक कर दिया, लेकिन कालोनियों और मोहल्लों की गलियां कचरे से अटी पड़ी रहीं। रहवासियों ने बताया कि मोहल्लों के मुख्य मार्ग की सफाई तो हुई लेकिन सफाई कर्मचारी मुख्य मार्ग की सफाई के बाद ही लौट गए। श्रीनगर मेन, अशोक नगर सहित कई क्षेत्रों से ऐसी शिकायतें मिलीं।
यह भी पढ़ें- देश के 'प्रगति-50' शहरों में शामिल हुए इंदौर, भोपाल और उज्जैन, बनाए जाएंगे स्वच्छ आदर्श शहर