
इंदौर। इसे पेशे के प्रति अटूट समर्पण के अलावा क्या कहा जा सकता है कि यहां सरकारी अस्पताल का एक सर्जन पिछले 11 साल से बगैर किसी छुट्टी के 9000 से ज्यादा पोस्टमॉर्टम कर चुके है। बात हो रही है इंदौर के जिला अस्पताल के फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. भरत वाजपेयी की जिन्हें बगैर अवकाश लिए लगातार काम करते 6 नवंबर को पूरे 11 साल हो गए। इतना ही नहीं डॉक्टर के साथ दो अन्य कर्मचारी भी बिना अवकाश लिए लगातार इसी विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। जिला अस्पताल के अंतर्गत पश्चिम के 13 और देहात के तीन थाना इलाकों के पोस्टमार्टम यहीं होते हैं। उनका ये रिकॉर्ड लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है।
यूं तो वे डॉक्टर हैं लेकिन उनकी डॉक्टरी शुरू होती है सांसें जाने के बाद। परीक्षण के बहाने वे मुर्दों से सच उगलवाते हैं। 9000 से ज्यादा शवों की जांच कर चुके हैं। उनकी अटूट सेवा को लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने भी दर्ज है। डॉ. भरत वाजपेयी ने बिना छुट्टी लिए 11 साल लगातार काम करने का कीर्तिमान कायम किया। गोविंद वल्लभ पंत जिला अस्पताल में 6 नबंवर 2006 में पोस्टमार्टम विभाग की शुरूआत की गई थी और डॉ. वाजपेयी को प्रभारी बनाया गया। तब से अब तक डॉ. वाजपेयी ने एक दिन की भी अवकाश नहीं लिया
मेडिकोलीगल मामलों की जांच में पोस्टमॉर्टम एक महत्वपूर्ण कड़ी है। ये ऐसा काम है जिसे टाला नहीं जा सकता। कहते हैं कि मुर्दा शरीर हमेशा सच बोलता है अगर मृत शरीर की भाषा आप पढ़ सकें तो मौत का राज सामने आ जाता है और दोषियों तक आसानी से पहुंचा जा सकता। इसे ही डॉ वाजपेयी ने अपनी जीवन का लक्ष्य बना लिया।
जिला अस्पताल का शव परीक्षण गृह मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की शायद सबसे छोटी फॉरेंसिक मेडिसिन इकाई है। इसे अक्टूबर 2011 में सूबे की पहली कम्प्यूटरीकृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट देने का गौरव भी हासिल है।
इस इकाई से डॉ. वाजपेयी के साथ उनके दो सहयोगी संतोष बनकर और गोपाल शिन्दे भी लम्बे मसय से जुड़े रहे हैं। 55 वर्षीय सरकारी सर्जन बताते हैं कि पिछले 11 सालों के दौरान ऐसे कई मौके आए जब उनकी अगुवाई वाली तीन सदस्यीय टीम ने कलेक्टर की इजाजत पर रात को भी पोस्टमॉर्टम किया। ये तीनों ही लगातार बिना छुट्टी लिए काम कर रहे हैं।
एक मौका तो ऐसा भी आया कि बेटी की शादी जिस दिन थी उस दिन इमरजेंसी केस आने के कारण वे अस्पताल आए। शव का पोस्टमॉर्टम किया और फिर बेटी के विवाह में शामिल हुए।
रोजाना शवों का पोस्टमार्टम करने के बाद महज 3 दिन में रिपोर्ट पुलिस को सौंप देते हैं। शहरी और ग्रामीण इलाके के 27 थाने के मामले जिला अस्पताल में आते हैं।
शासकीय सेवा के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए मार्च 2011 में उनका नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया।
11 सालों में 9000 से ज्यादा शवों का परीक्षण
शासकीय सेवा के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए मार्च 2011 में उनका नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया। डॉ. वाजपेयी 11 सालों में 9000 से ज्यादा शवों का परीक्षण कर चुके हैं। उनकी इच्छा है कि वर्ल्ड हार्ट डे वर्ल्ड डॉक्टर डे की तरह वर्ल्ड फोरेंसिक डे भी मनाया जाए।