
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एयरपोर्ट क्षेत्र में मेट्रो ट्रेन का एयरपोर्ट से गांधी नगर तक निर्माण कार्य जारी है। इसके चलते पिछले तीन महीने से सैकड़ों वाहन चालकों को करीब चार किमी अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा था। पिछले कुछ दिन पहले इस मार्ग को आवागमन के लिए शुरू कर दिया। इससे सैकड़ों वाहन चालकों को राहत मिल गई।
एयरपोर्ट से गांधी नगर तक मेट्रो ट्रेन निर्माण के चलते अप्रैल महीने में वाहन चालकों के लिए वन-वे कर दिया था, लेकिन दोपहिया वाहन चालक रांग साइड से वाहन चला रहे थे। इससे लगातार दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। इस क्षेत्र के स्कूलों में आने-जाने वाले विद्यार्थी-शिक्षकों और बीएसएफ परिसर जाने वालों के लिए यह स्थिति बहुत खतरनाक हो गई थी।
इसके चलते एयरपोर्ट से गांधी नगर जाने वाले सैकड़ों वाहन चालकों को रोजाना बिजासन-टी, दिलीप नगर-टी होते हुए गांधी नगर की ओर जाना पड़ता था। वाहन चालकों को एयरपोर्ट से गांधी नगर जाने के लिए अतिरिक्त चार किमी घूमकर जाना पड़ रहा था। इससे हजारों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली।
एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार कौल के अनुसार मार्ग को वन-वे करने के बाद दोपहिया वाहन चालक लगातार आवागमन कर रहे थे। इससे लगातार दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। यातायात विभाग की तरफ से मेट्रो प्रबंधन को पत्र लिखकर मार्ग पर दोनों तरफ से आवागमन के लिए उचित स्थान दिए जाने की मांग की गई थी।
यह भी पढ़ें- एमपी प्राथमिक शिक्षक भर्ती में 800 सफल अभ्यर्थी अपात्र, भोपाल में डीपीआई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
उचित स्थान मिलने के बाद मार्ग को दोनों तरफ से आवागमन के लिए शुरू कर दिया गया। इससे दुर्घटना की संभावना समाप्त हो गई और वाहन चालकों को अतिरिक्त चक्कर लगाना नहीं पड़ रहा है।