इंदौर से शारजाह फ्लाइट में तीन सप्ताह बाकी, अब तक शुरू नहीं हुई बुकिंग
केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुद ट्वीट कर घोषणा की थी उड़ान की।
By Hemraj Yadav
Edited By: Hemraj Yadav
Publish Date: Sun, 06 Mar 2022 07:30:00 AM (IST)
Updated Date: Sun, 06 Mar 2022 07:30:49 AM (IST)

इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल से शारजाह के लिए सीधी उड़ान 27 मार्च से आरंभ होने वाली है। केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया खुद ट्वीट कर इस बारे में घोषणा कर चुके हैं, लेकिन अब तक इस उड़ान का कोई शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। वहीं न ही कोई बुकिंग शुरू हुई है।
इससे पहले सीधी उड़ान पकड़कर शारजाह जाने का सपना देख रहे लोगों के हाथ निराशा लगी थी, जब नवंबर में इंदौर से सप्ताह में दो दिन इस उड़ान को शुरू करने के लिए विमानतल प्रबंधन को प्रस्ताव देकर भी इसे शुरू नहीं किया गया था।
ट्रैवल एजेंटों के अनुसार 27 मार्च से इस उड़ान को शुरू होना है, लेकिन अब तक शेड्यूल हमारे पास नहीं आया है, न ही इसके बारे में सिस्टम पर कोई जानकारी है। इस कारण हम अपने ग्राहकों को बता ही नहीं पा रहे हैं कि उन्हें अगर सीधी उड़ान पकड़कर शारजाह जाना है तो इसके लिए उन्हें क्या करना होगा। हम उम्मीद कर रहे हैं कि अगले कुछ दिनों में एयर इंडिया इसकी बुकिंग चालू कर देगा। उल्लेखनीय है कि इंदौर से पहली बार 15 जुलाई 2019 को जब दुबई उड़ान शुरू हुई थी, उसके पहले भी यह उड़ान शारजाह के लिए शुरू होने वाली थी। दरअसल दुबई के लिए स्लाट खाली नहीं मिल रहे थे। फिर अचानक से स्लाट मिल गए थे। इस कारण दुबई के लिए सप्ताह में तीन दिन के लिए दुबई उड़ान शुरू हो गई थी।
25 मिनट में शारजाह से दुबई - शारजाह की दुबई से दूरी 45 किमी है। इसे सड़क मार्ग से तय करने में 25 मिनट लगते हैं। दुबई दुनिया के व्यस्ततम विमानतलों में सम्मिलित है। यहां स्लाट मिलने में काफी कठिनाई आती है। वहीं विमान को भी तय शेड्यूल पर ही वहां पहुंचना होता है। वहां स्लाट नहीं मिलने पर उड़ान कंपनियां शारजाह के लिए उड़ान शुरू कर देती हैं।