
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नकली पट्टाकांड से पुलिस की किरकिरी कराने वाले हीरानगर टीआई सुशील पटेल को सोमवार को निलंबित कर दिया गया। बीते दिनों नकली पट्टाकांड के साथ दो अन्य मामलों को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। इनमें नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों से मारपीट और हत्या के आरोपियों की धरपकड़ में लापरवाही का मामला शामिल है। तीनों मामलों की विभागीय जांच के बाद टीआई पर कार्रवाई की गई।
हीरानगर टीआई सुशील पटेल के खिलाफ बीते कई दिनों से विभागीय जांच चल रही थी। इसकी जांच एडिशनल डीसीपी ने की। जांच रिपोर्ट सोमवार को डीसीपी अभिषेक रंजन को सौंपी गई। इसके बाद पटेल को निलंबित कर दिया गया। बीते दिनों नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ मारपीट का वीडियो बहुप्रसारित हुआ था।
इसमें पुलिस की लापरवाही सामने आने के आरोप लगे थे। इसकी जांच कराई गई थी। वहीं, हीरानगर क्षेत्र में हुए एक हत्याकांड में आरोपियों की धरपकड़ को लेकर भी जांच की गई। इसमें आरोप लगे थे कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं कर रही है। इसकी शिकायत भी डीसीपी को सौंपी गई थी।
तीसरी जांच नकली पट्टाकांड को लेकर हुई। बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कोर्ट परिसर और जेल में दाखिल करते समय मयंक और शोभित नाम के आरोपितों के हाथ-पैर पर नकली पट्टे लगे होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद उनका जुलूस निकाला था और उस दौरान भी उनके हाथ-पैर पर पट्टे लगे थे।
जेल में दाखिल करने से पहले एक सिपाही इनके पट्टे खोलते हुए कैमरे में कैद हुआ था। इसका वीडियो भी बहुप्रसारित हुआ था। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी नाराज हुए और तीनों मामलों की जांच बैठाई गई। सोमवार को जांच रिपोर्ट आने के बाद टीआई को दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : वाह री इंदौर पुलिस! बदमाशों को झूठा पट्टा बांध जुलूस निकाला, जेल के गेट पर खुली पोल