
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में एबी रोड पर निरंजनपुर से राजीव गांधी चौराहे, एमजी रोड के हिस्से में पलासिया से मृगनयनी चौराहे तक व सुपर कारिडोर पर जिला प्रशासन ने ई-रिक्शा के आवागमन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया है। पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर ने केंद्रीय मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 115 में निहित प्रावधानों तथा मध्यप्रदेश मोटरयान नियम, 1994 के नियम 215 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है। इन मार्गों पर यात्रियों को सिटी बस, ऑटो रिक्शा व अन्य वाहन ही परिवहन के लिए मिल सकेंगे।
यातायात प्रबंधन महानगर के पुलिस उपायुक्त ने प्रतिवेदन दिया कि शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्गों पर यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ रहा है। इसके कारण कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को आवागमन में काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस अधिकारियों, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों एवं ई-रिक्शा पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई थी। बैठक में शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर द्वारा आदेश में आम नागरिकों की सुविधा तथा सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए यह प्रतिबंध लागू करने की बात कही गई है। विभिन्न विभागों तथा आमजन से प्राप्त सूचनाओं और अन्य निष्कर्षों के आधार पर आवश्यकता अनुसार इस आदेश में पूर्णतः अथवा आंशिक संशोधन भी किया जा सकेगा।
इंदौर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए ई-रिक्शों को चार जोन में बांटकर कलर कोड सिस्टम लागू किया गया है। इसके आधार पर एक कलर कोड के वाहनों को दूसरे क्षेत्र में चलने की अनुमति नहीं है। हालांकि इस कलर कोड व्यवस्था का पालन भी नहीं हो रहा है। अब भी कई मार्गों पर मनमाने तरीके से ई-रिक्शा चल रहे हैं।
पाइंटर
शहर की सड़कों पर : 15 हजार ई-रिक्शा
ई-रिक्शा पर प्रतिबंध के कारण
एमजी रोड, एबी रोड व सुपर कारिडोर हाईडेंसिटी कारिडोर हैं। यहां पर ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है।
इन सड़कों पर वाहनों की गति तेज रहती है।
ई-रिक्शा मनमाने तरीके से सड़क पर खड़े होते हैं। पार्किंग का स्थान भी तय नहीं।
शहर में जिन तीन सड़कों पर ई-रिक्शा को प्रतिबंधित किया गया है वहां तेज गति के वाहन चलते हैं। सुपर कारिडोर पर तो भारी वाहन चलते हैं। ई-रिक्शा की सड़कों पर गति कम रहती है। इन सड़कों पर ट्रैक्टर, ट्रॉली व कम गति के वाहनों पर भी रोक है। यही वजह है कि इन मार्गों पर ई-रिक्शा के आवागमन पर रोक लगाई गई। ई-रिक्शा इन तीन सड़कों की कनेक्टिंग रोड व गलियों में ही चल सकेंगे।- विक्रम रघुवंशी, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक।