इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि Immunity Boost Corona Indore। कोरोना वायरस से खुद को बचाना अब बड़ी चुनौती बन गया है। बीमारी से घबराने की जरूरत नहीं है, बस कुछ सावधानी रखनी होगी। मास्क, सैनिटाइजर और शारीरिक दूरी का पालन गंभीरता से करना है। इम्युनिटी बढ़ाने के लिए घरेलू नुस्खे अपनाए जा सकते हैं। सुबह-शाम काढ़ा और गर्म पानी का उपयोग करें। दिन में तीन बार भाप लें। यह बातें शासकीय अष्टांग आयुर्वेदिक कालेज के एसोसिएट प्रोफेसर डा. अखलेश भार्गव ने कही। उन्होंने मंगलवार को हेलो नईदुनिया कार्यक्रम के जरिए लोगों के कोरोना और इम्युनिटी से जुड़े सवालों के जवाब दिए और संक्रमण से बचाव के उपाय बताए।
उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचने के लिए लोगों को कुछ बातों का विशेष तौर से ध्यान रखने की जरूरत है, जिसमें ठंडा और बासी खाने से परहेज करना चाहिए। कोल्डड्रिंक, आइसक्रीम जैसी ठंडी वस्तुएं नहीं खाएं। इससे गले में तकलीफ हो सकती है। इम्युनिटी बढ़ाने के लिए रात को गर्म दूध में हल्दी डालकर पिएं।
सवाल: रमजान के दौरान इम्युनिटी कैसे बढ़ाई जा सकती है? - आमिर नताली
जवाब: रमजान में भी काढ़ा पीकर इम्युनिटी बढ़ाई जा सकती है। मगर खाली पेट कभी काढ़े का सेवन नहीं करें। सौंठ, काली मिर्ची, तुलसी, मुलेठी, हल्दी और गुड़ का काढ़ा बनाया जा सकता है। एक लीटर में सारी सामग्री डालकर उबालें। उसके बाद 30-40 एमएल दिनभर में दो बार पिएं। नियमित काढ़ा पीने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
सवाल: कोरोना से बचाव के लिए आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में क्या बेहतर उपाय है? -भगवान दास
जवाब: 150 एमएल गर्म दूध में 5 ग्राम हल्दी डालकर पीना चाहिए। साथ ही सुबह-शाम गर्म पानी पिएं। यह शरीर में ब्लड क्लाट बनने से रोकता है। इसके अलावा पानी में पुदीना और अजवाइन डालकर उबालें और इसकी भाप तीन बार लें। यह गले और नाक में संक्रमण होने से बचाने में मदद करता है।
सवाल: घरेलू उपाय कर इम्युनिटी को कैसे बढ़ा सकते हैं? -रमेश नीमा
जवाब: इम्युनिटी बढ़ाने के लिए अलग-अलग उपाय हैं, जिसमें अश्वगंधा चूर्ण, गिलोय घनवटी, तुलसी चूणर््ा का नियमित इस्तेमाल करें। संक्रमण को खत्म करने के लिए अणु तेल का भी उपयोग करें। तेल को हल्का सा गर्म कर लें। फिर नाक में दो-दो बूंद डालें। वह धीरे-धीरे मुंह तक पहुंचेगा। बाद में इसे थूक दें।
सवाल: आयुर्वेदिक औषधि की तासीर गर्म रहती है। क्या ये शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है? -आदित्य उपाध्याय
जवाब: कोरोना से बचाने के लिए गर्म तासीर की वस्तुएं ही फायदेमंद है इसलिए से औषधियां बीमारी से बचाव करेंगी। जबकि ठंडा खाना और ठंडी वस्तुएं शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है। हालांकि यदि आपकी तासीर ज्यादा गर्म है तो अपनी क्षमता के अनुसार ही आयुर्वेदिक औषधियां लें। संक्रमण को खत्म करने के लिए दिनभर गर्म पानी में चंदन व कमल चूर्ण डालकर पिएं।
सवाल: मुझे 25 दिन पहले वैक्सीन लग चुकी है। क्या इम्युनिटी बढ़ाने के लिए अभी काढ़ा व अन्य वस्तुओं का सेवन करना चाहिए? -ऋषभ पाटनी
जवाब: वैक्सीन लगने के बावजूद हमें कुछ सावधानियां बरतने की जरूरत है। वैक्सीन लगने से इम्युनिटी बढ़ चुकी है। मगर इसे बनाए रखने के लिए निश्चित रूप से घरेलू उपाय करते रहना चाहिए। आयुष काढ़ा दिनभर में एक बार लिया जा सकता है।
सवाल: नवजात शिशु और 18 साल से कम बच्चों को वैक्सीन के लिए क्या कोई दिशा-निर्देश आए हैं। ऐसी स्थिति में बच्चे अपनी इम्युनिटी बढ़ाने के लिए क्या कर सकते हैं? -डा. धर्मेंद्र शर्मा
जवाब: अभी बच्चों को वैक्सीन देने के बारे में सरकार ने कोई गाइडलाइन नहीं बनाई है। वैसे बच्चों की इम्युनिटी को बढ़ाना ज्यादा मुश्किल नहीं है। इन्हें सुबह-शाम स्वर्णप्राश दिया जा सकता है। यह प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में काफी सहायक है।
सवाल: मेरी उम्र 10 साल है। कोरोना से बचाव के लिए अभी बच्चों को वैक्सीन क्यों नहीं लगाई जा रही है? -सौम्या भार्गव
जवाब: बच्चों के लिए अभी वैक्सीन नहीं है। संक्रमण से बचाने के लिए बच्चों को बाहर खेलने नहीं जाना चाहिए। सुबह-शाम नियमित रूप से गर्म पानी पिएं। साथ ही तेल, घी, गरम मसाले का सेवन कम करें, जबकि संतरे-सेवफल सहित अन्य फल खाएं।