Today in Indore: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में विभिन्न धार्मिक-सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के कार्यक्रम 16 दिसंबर को होंगे। इसमें ब्रह्माकुमारी संस्थान के दो आयोजन में सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दी जाएगी। इसके अतिरिक्त बुजुर्गों के मनोविज्ञान पर प्रकाश डालने वाले नाटक 'ओल्ड एज होम' का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही कल्चरल फेस्टिवल लिट चौक भी होगा। साथ ही सत्संग, रामकथा और भागवत कथा में संतों की वाणी सुनने का अवसर मिलेगा।
- अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के संत रामप्रसाद महाराज वडोदरा का दो दिनी सत्संग पं. लक्ष्यराम सत्संग हाल उषानगर में सुबह 8.30 से 9.30 बजे तक होगा। इसके बाद सात दिनी शिव महापुराण कथा 17 से 23 दिसंबर तक राजनगर में आयोजित की जाएगी। संतश्री की यह 33वीं शिव पुराण कथा होगी। वे अब तक 471 श्रीमद् भागवत कथा, 35 रामकथा भी कर चुके हैं।
- एक मंच पर कला, राजनीति, पत्रकारिता, संगीत, सिनेमा, रक्षा, खेल, इत्यादि से जुड़ी हस्तियां विभिन्न सत्रों में होने वाली चर्चा में आप भाग लेने चाहते हैं तो तीन दिवसीय कल्चरल फेस्टिवल लिट चौक शुरू हो रहा है। गांधी हाल में सुबह 10 से रात 10.30 बजे तक होने वाले आयोजन में किताबों के साथ खानपान और हस्तशिल्प के स्टाल्स भी लगाए जाएंगे। साथ ही उभरते कलाकारों की प्रस्तुति भी होगी।
- नौ दिनी रामकथा रामद्वारा छत्रीबाग में दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक होगी। प्रतिदिन संत हरिराम शास्त्री भगवान राम के विभिन्न प्रसंगों पर संबोधित करेंगे। इस दौरान राम जन्म सहित विभिन्न उत्सव भी हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।
- सर्व मराठी भाषी सेवा संघ द्वारा सात दिनी शिव मल्हारी मार्तंड जन्मोत्सव मल्हारी मार्तंड मंदिर स्कीम नंबर 78 में आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से कथा वाचक पं. पवन तिवारी के मुखारविंद से शिव मल्हारी मार्तंड पुराण कथा होगी। समापन पर 18 दिसंबर को सुबह 10 बजे युवक-युवती परिचय सम्मेलन होगा। शाम 4 बजे पालकी यात्रा निकाली जाएगी।
- मनोरमागंज स्थित गीता भवन सत्संग सभागृह में श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ का आयोजन समाजसेवी प्रेमचंद गोयल की प्रेरणा से किया जा रहा है। इसमें वृंदावन के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद महाराज की सुशिष्या साध्वी कृष्णानंद के श्रीमुख से शाम 4.30 से 7 बजे तक गीता भवन सत्संग सभागृह में भागवत कथा होगी।
- उम्र का लंबा पड़ाव पार कर चुके ओल्ड एज होम में रहने वाले बुजुर्गों के मनोविज्ञान को समझना चाहते हैं तो हैल्लो पापा नाटक आपके लिए है। संस्था कला निकेतन इंदौर द्वारा प्रस्तुत नाटक शाम 5 बजे यूनिवर्सिटी सभागृह खंडवा रोड पर मंचित होगा। यह एक घंटे 20 मिनट की डार्क कामेडी है।
- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के इंदौर जोन के संस्थापक एवं पूर्व क्षेत्रीय निदेशक ब्रह्माकुमार ओमप्रकाश ‘भाईजी’ की आठवीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें पहले दिन शाम 5ः30 बजे योगांजलि कार्यक्रम होगा। इसमें ब्रह्माकुमारी संस्थान की प्रबंधन कमेटी की मुख्य सदस्य जयपुर से राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सुषमा दीदी शामिल होगी।
- ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा रवींद्र नाट्यगृह आरएनटी मार्ग पर शाम 6 बजे पारिवारिक सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्माकुमारीज की महिला प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्षा रशिया की महानिर्देशिका राजयोगिनी चक्रधारी दीदी आएंगी। वे 'अच्छा संस्कारित इंसान बनना वर्तमान समय की आवश्यकता' और 'बिखरे परिवार को एक बनाना ही अध्यात्मिकता है' विषय पर संबोधित करेंगी।