Today in Indore : इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में धार्मिक-सामाजिक, राजनैतिक और सांस्कृतिक संगठनों के कार्यक्रम 6 नवंबर को आयोजित किए जाएंगे। इसमें दिगंबर जैन समाज सिद्धचक्र महामंडल और 24 समवशरण विधान मंडल होगा। इसके सिख समाज द्वारा गुरु नानक महाराज का 554वां प्रकाश गुरु पर्व के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न आयोजन होंगे।
- सकल दिगंबर जैन समाज का नौ दिवसीय 24 समवशरण महामंडल विधान आर्यिका पूर्णमति माता के सान्निध्य में चमेली पार्क में सुबह 8.30 बजे से होगा। इसमें 1200 से अधिक दंपती शामिल होकर पूजन की सभी विधियां संपन्न करेंगी। शाम 6 बजे चक्रवर्ती यात्रा निकाली जाएगी।
- दिगंबर जैन मंदिर सुखलिया के तत्वावधान में कनकेश्वरी देवी मैदान सुखलिया में सिद्धचक्र महामंडल विधान सुबह 8.30 बजे से आयोजित किया जाएगा। विधान मंडल आदित्यसागर, मुनि अप्रमित सागर, सहज सागर के सान्निध्य में होगा। इसमें भगवान का अभिषेक व शांतिधारा के बाद प्रवचन होंगे।
- सिख समाज द्वारा सुबह 10 बजे ऐतिहासिक गुरुद्वारा इमली साहिब से नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इसमें सिक्खी शानो-शौकत से राऊ, बेटमा साहिब एवं इंदौर शहर के सभी गुरुद्वारा की संगत भाग लेगी। साथ ही समाज की सभी धार्मिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाएं सम्मिलित होंगी। नगर कीर्तन गुरुद्वारा से शास्त्री ब्रिज, रीगल तिराहा, आरएनटी मार्ग पहुंचेगा। इसके बाद पटेल ब्रिज, जवाहर मार्ग रोड़ से होकर गुरुद्वारा इमली साहिब पर शाम 6 बजे समाप्त होगा।
- पुस्तक मेले का आयोजन सम्राट होटल एमजी रोड पर सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न विषयों पर आधारित दो लाख किताबों को परखने का अवसर मिलेगा। किताबें धर्म-विज्ञान, किस्से, कहानियों और कविताओं पर आधारित हैं।
- वैकुंठ चतुर्दशी पर हरि-हर मिलन दिवस श्रमिक क्षेत्र मालवा मिल स्थित पंचमुखी मंदिर पर मनाया जाएगा। इस दिन चार माह के शयन के बाद जागे भगवान विष्णु को भगवान शिव पुन: सृष्टि का कार्य सौंपते हैं। इस मौके पर पंचमुखी मंदिर में सुबह 11 बजे से 21 ब्राह्मण द्वारा अनुष्ठान कराएंगे।
- जीणमाता सेवार्थ समिति के तत्वावधान में राजीव गांधी चौराहे के पास स्थित मीरा गार्डन में जीणमाता के मंगलपाठ एवं कीर्तन का आयोजन दोपहर 1 बजे से होगा। इसके लिए गुजरात के सूरत से सवा लाख सितारों से सजी 108 मीटर लंबी चुनरी शनिवार को इंदौर आई है। यह चुनरी एवं 51 फीट का गजरा मातारानी को समर्पित किया जाएगा। कोलकाता के प्रख्यात मंगल पाठ वाचक नीरज अग्रवाल इस मौके पर जीणमाता का मंगल पाठ करेंगे ।
- पुणे महाराष्ट्र के भागवताचार्य वासुदेव बुआ बुरसे के मुखारबिंद से भागवत कथा साउथ तुकोगंज स्थित नाथ मंदिर संस्थान में होगी। कथा शाम 4 से रात 8 बजे तक चलेगी। इस दौरान प्रतिदिन अलग-अलग प्रसंगों के अनुसार उत्सव मनाए जाएंगे।