
Today in Indore: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में विभिन्न धार्मिक-सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के कार्यक्रम 5 जनवरी को होंगे। इस अवसर पर मोटिवेशन स्पीकर शिवानी दीदी दुआओं का बैंक बैलेंस बढ़ाने के उपाए बताएंगी। इसके अलावा इंदौर रसोइया हवाई श्रमजीवी संगठन समिति का अन्नकूट महोत्सव का आयोजन भी होगा। इसके साथ ही राम कथा और कल्पद्रुम महामंडल विधान भी आयोजित किया जाएगा।
- नौ दिनी कल्पद्रुम महामंडल विधान दिगंबर जैन नवग्रह जिनालय, ग्रेटर बाबा परिसर में आयोजित किया जा रहा है। विधान अंतर्मुखी मुनि पूज्य सागर महाराज एवं क्षुल्लक अनुश्रमण सागर महाराज के सान्निध्य में होगा। इसमें सुबह 7 बजे से मंगलाष्टक, अभिषेक, पूजन, शांतिधारा, गुरुआज्ञा, दीप प्रज्वलन, मंडप उद्घाटन, मंडप शुद्धि, अंकुरारोपरण के साथ विभि्न कार्यक्रम होंगे। प्रतिदिन कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
- अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रेरक वक्ता ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी शुक्रवार को दुआओं का बैंक बैलेंस बढ़ाने के उपाए बताएंगी। उनका उद्बोधन सुबह 7.30 अभय प्रशाल रेसकोर्स रोड पर होगा। उसके पश्चात वे सुबह 10 बजे ओम शांति भवन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में चर्चा करेंगी।
- नौ दिनी रामकथा गणेश नगर में दोपहर 1 बजे से होगी। इस कथा प्रसंग के अनुसार उत्सव मनाए जाएंगे। कथा आचार्य डा. सुरेश्वरदास महाराज के मुखारविंद से होगी।
- इंदौर रसोइया हवाई श्रमजीवी संगठन समिति द्वारा नववर्ष मिलन समारोह और अन्नकूट महोत्सव जमनाबाई हजारीलाल मौर्य धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। आयोजन दोपहर 2 बजे से होगा। इसमें आराध्य के शृंगारित स्वरूप के दर्शन होंगे। समिति सदस्य एक दूसरे से मिलकर नववर्ष की शुभकामनाएं देंगे। महाप्रसादी के लिए डिस्पोजल का उपयोग नहीं होगा।
- आज 2 बजे बाद यदि आप विजय नगर क्षेत्र में हैं और आपके पास वक्त है तो महालक्ष्मी नगर मैदान में लगे मेले का आनंद ले सकते हैं। यहां आप रंगीन मछलियों की खूबसूरत दुनिया करीब से देख सकते हैं और झूलों का भी आनंद ले सकते हैं।
- प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती, वह अपना रास्ता खुद बना लेती है। ऐसी ही प्रतिभाओं की प्रस्तुतियों से आप प्रेरणा लेना चाहते हैं तो शाम 5 बजे देवी आहिल्या विश्वविद्यालय के सभागृह में आयोजित दिव्य कला शक्ति कार्यक्रम में पहुंच जाए। इसमें 100 दिव्यांग अपने नृत्य, गायन, मंच कार्यक्रम और सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
- सर्दी के मौसम में शहर में प्रवासी परिंदों की आमद बहुतायत में होती है। प्रकृति से प्रेम करने वाले, फोटोग्राफी के शौकीन या परिवार के साथ प्राकृतिक वादी में जो दिन बिताना चाहते हैं वे सिरपुर तालाब पहुंच प्रवासी पक्षियों को निहार सकते हैं।