Tourist Place In Indore: इंदौर से 50 किमी से भी कम दूरी पर है यह खूबसूरत जगह, नदी, पहाड़ और सुकून भरे पल बिताए यहां
Tourist Place In Indore: इंदौर से यह स्थान करीब 32 किमी दूर है। यहां तक पहुंचने के दो रास्ते हैं। एक रास्ता चिकनी सड़क वाला दौर दूसरा आफरोड राइडिंग का मजा देने वाला।
By Sameer Deshpande
Edited By: Sameer Deshpande
Publish Date: Sat, 09 Mar 2024 12:43:26 PM (IST)
Updated Date: Sat, 09 Mar 2024 12:43:25 PM (IST)
इंदौर से 50 किमी से भी कम दूरी पर है यह खूबसूरत जगहनईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर Tourist Place In Indore। चलिए इस रविवार थोड़ा सैर सपाटा हो जाए। परिवार या दोस्तों के साथ थोड़ी तफरीह हो जाए। इस बार एक ऐसी जगह चलते हैं जहां सुकून के पल बिताने के लिए नदी का किनारा हो, पहाड़ों पर इठलाते हरेभरे पेड़ हों और पक्षियों का कलरव सुनाई दे। अपनों का साथ हो और दिनभर का वक्त। इंदौरी जितने खानपान के शौकीन हैं उतना ही उन्हें सैर-सपाटा भी पसंद है। तभी तो एक दिन की भी छुट्टी वे व्यर्थ नहीं जाने देना चाहते और निकल पड़ते हैं अपनों के साथ पिकनिक मनाने।
पर अक्सर हम इंदौरियों के समक्ष यह समस्या रहती है कि इस बार कहां घूमने जाएं जहां सुकून भी हो और नया स्थान भी हो। नए स्थान की तलाश में हम आपकी मदद कर देते हैं। यह स्थान है
गुदिया पिकनिक स्पाट। यह स्थान है तो बहुत पुराना लेकिन नया इस मायने में है कि इसके बारे में ज्यादा लोगों को पता नहीं इसलिए यहां भीड़ कम ही होती है और सुकून भरपूर मिलता है।
इंदौर से यह स्थान करीब 32 किमी दूर है। यहां तक पहुंचने के दो रास्ते हैं। एक रास्ता चिकनी सड़क वाला और दूसरा आफरोड राइडिंग का मजा देने वाला। रास्ता कौनसा चुनना है यह आप पर निर्भर करता है। पर यह दोनों ही रास्ते आपको आसानी से मंजिल तक पहुंचा देते हैं। यह स्थान मैकल पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है। इस स्थान की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यहां इस मौसम में भी नदी बहती हुई देखी जा सकती है। यह कन्हान नदी है जो यहां से आगे जाकर
मोहाड़ी जलप्रपात में मिलती है।
चूंकि इस स्थान के बारे में अभी भी ज्यादा लोग नहीं जानते इसलिए यहां पर्यटकों की संख्या भी बहुत कम ही रहती है। जब पर्यटक ज्यादा नहीं आते तो विकास कार्य के नाम पर केवल सड़क ही है। खानपान के ठीये भी यहां नहीं। इसलिए यदि आप यहां जा रहे हैं तो भोजन और पानी दोनों ही अपने साथ पर्याप्त मात्रा में लेकर जाएं। ग्रामीणों से आप चाय जरूर बनवा सकते हैं लेकिन वह सुविधा मिलना भी ग्रामीणों की सहुलियत पर निर्भर करता है।
घर से खानपान की सामग्री नहीं ले जाना चाहते हैं तो
तिल्लोर से भी ले सकते हैं पर उसके बाद कुछ नहीं मिलेगा। यूं तो गुदिया गांव में एक छोटी सी टपरी है जहां आप पानी, चिप्स या कोल्डड्रिंक ले सकते हैं लेकिन उसके लिए भी आपको नदी के मुहाने से करीब एक किमी दूर ही आना पड़ेगा। इन दिनों नदी में पानी ज्यादा नहीं है इसलिए पानी में छई छपा छई का भरपूर आनंद लिया जा सकता है। यहां आप बंदरों से जरूर सावधान रहें। खानपान की वस्तु आपके हाथ से भी वे छीनकर लेजा सकते हैं।
कैसे पहुंचे
मेघदूत फिटनेस क्लब के महेश रसाल यहां तक पहुंचने के दो रास्ते बताते हैं। एक रास्ते पर पक्की सड़क बनी हुई है और दूसरे रास्ते पर थोड़ी-बहुत कच्ची डगर है। इंदौर बायपास से
रालामंडल वाले मार्ग को लेते हुए आप ग्राम तिल्लोर खुर्द पहुंचे। तिल्लोर खुर्द पहुंचकर या तो आप तिंछाफाल वाले बोर्ड के सहारे तिंछाफाल होते हुए भी यहां तक पहुंच सकते हैं। यदि आप तिंछाफाल होते हुए यहां जाना चाहते हैं तो आपको रास्ते में थोड़ा मार्ग उबड़खाबड़ वाला मिलेगा।
यदि आपको तिंछाफाल नहीं जाना तो तिंछाफाल वाले इस बोर्ड की ओर न मुड़ते हुए सीधे जा सकते हैं। इस मार्ग से आप मोहड़ी गांव पहुंच जाएंगे। वहां से करीब दो किमी आगे जाने पर ग्राम गुदिया से ठीक पहले एक पुलिया या रपट नजर आएगी। यहां से बाईं और मुड़कर करीब आधा-एक किमी आगे जाएंगे तो आसपास की पहाड़ियों के बीच हरियाली और एक जलाशय नजर आएगा जो पहाड़ों के बीच से चली आ रही कन्हान नदी के आगमन से बना है। यह स्थान चोरल रेलवे स्टेशन से मात्र 10 किलोमीटर और तिंछाफाल से तीन किलोमीटर दूर स्थित है।