
नईदुनिया न्यूज, इंदौर। खरड़ू बड़ी से पारा रोड पर एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां सीमेंट की बोरियों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी गुमटी और खड़ी बाइक को टक्कर मारते हुए खाई में पलट गया। इस भीषण हादसे में ट्रैक्टर में लदी सीमेंट की बोरियों के नीचे दबने से बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीमेंट से भरा ट्रैक्टर खरड़ू बड़ी से पारा की ओर जा रहा था।
उमरिया फाटक के समीप पहुंचते ही चालक ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे बनी एक गुमटी में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल भी ट्रैक्टर की चपेट में आ गई, जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह चकनाचूर हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक ने घबराहट में ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश की, जिससे ट्रैक्टर पूरी तरह अनियंत्रित होकर पास ही खाई में जा पलटा।
यह भी पढ़ें- शहडोल-रीवा मार्ग पर खड़े वाहन में जा घुसी यात्रियों से भरी बस, स्कूली बच्चों समेत 30 घायल; 10 गंभीर
आसपास के लोगों और राहगीरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सीमेंट की बोरियों को हटाकर बच्चे को बाहर निकाला। हादसे में बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।