
नईदुनिया न्यूज, विशाल राठी, गौतमपुरा : दीपावली के बाद आने वाले इस दिन का इंतजार पूरे मालवा अंचल को रहता है। शाम ढलते ही गौतमपुरा का मैदान जंग के मैदान में तब्दील हो गया। हवा में उड़ती चिंगारियां, बारूद की गंध, ढाल थामे योद्धा और दर्शकों के उत्साह से भरा माहौल - यह सब किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था।

सोमवार को परंपरा, आस्था और अदम्य साहस का संगम बना यह ऐतिहासिक हिंगोट युद्ध शाम करीब साढ़े पांच बजे भगवान देवनारायण की पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुआ। यह युद्ध रलायता मार्ग स्थित खारचा मैदान में तुर्रा और कलंगी दल के योद्धा आमने-सामने हुए। एक ओर खड़े थे गौतमपुरा के वीर, दूसरी ओर रूणजी के जांबाज।

सिर पर पगड़ी, हाथ में ढाल और झोले में भरी सैकड़ों हिंगोटें यानि अग्निबाण, जिनसे योद्धा एक-दूसरे पर वार कर रहे थे। जैसे ही दोनों दलों के प्रमुखों ने संकेत दिया, आकाश में अग्नि की लपटें उठीं और हिंगोटें हवा में गूंज उठीं। इस पूरे युद्ध में किसी की जीत हार निर्धारित नहीं हुई। दोनाें दलों के 20 योद्धा घायल हुए। जिन्हें मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपचार दिया। आपातकाल की स्थिति में मौके पर दो एंबूलेंस व स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंप भी लगाया गया।

करीब एक घंटे तक दोनों ओर से सैकड़ों हिंगोटें छोड़ी गईं। यह दृश्य इतना अद्भुत था कि पूरा मैदान धुएं से भर गया और योद्धा आग की परछाइयों की तरह नजर आने लगे। आसमान में उड़ती चिंगारियों के बीच ढालों से बचाव करते योद्धाओं की बहादुरी देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

आयोजन को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए 200 से अधिक पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक और फायरब्रिगेड का अमला मौजूद रहा। नगर परिषद ने मैदान के चारों ओर लोहे की जालियां लगाकर दर्शकों के लिए सुरक्षा घेरे बनाए। हालांकि इस वर्ष प्रशासन आयोजन व्यवस्थित नहीं कर पाए।

युद्ध के दोनों दलों में योद्धा की संख्या में बड़ा अंतर देखने को मिला। एक दल में करीब 125 व दूसरे दल में सिर्फ 25 योद्धा थे। आयोजन स्थल वाले मैदान के समतल नहीं होने के कारण भी मूल रोमांचकता भी कमजोर रही। युवाओं की संख्या अधिक होने के कारण अनुशासनहीनता भी अधिक रही। इसके कारण वरिष्ठ लोगों ने युद्ध से दूरी बना ली। वहीं प्रशासन भी वरिष्ठों की भागीदारी बनाए रखने में असफल रहा।
स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार यह परंपरा मुगलों के आक्रमण से बचाव के लिए शुरू हुई थी। यह करीब 250 साल से अधिक पुरानी परंपरा है। चंबल घाटियों से जब मुगल सैनिक हमला करते, तो नगरवासी हिंगोट चलाकर उन्हें घोड़े से गिरा देते थे। यह तरीका आत्मरक्षा और युद्धक प्रशिक्षण का प्रतीक बन गया। यहां योद्धा जीत या हार के लिए नहीं, बल्कि परंपरा निभाने के लिए लड़ते हैं।
यह भी पढ़ें- हिंगोट युद्ध में अग्निबाणों की बरसात, दिखा 250 सालों से चली आ रही ऐतिहासिक साहस और परंपरा का अद्भुत संगम