_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गरबा स्थल (कनकेश्ववरी मैदान) पर युवती से धक्का मुक्की और अभद्रता करने वाले भाजपा नेता कमल चौहान पर हीरानगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धारा में केस दर्ज किया है। कायमी की जानकारी मिलते ही विधायक समर्थक भाजपा नेता थाने पहुंचे पर एफआईआर का सुनकर लौट गए। उधर घटना का वीडियो वायरल होने पर पार्टी ने भी संज्ञान लिया है।
थाना प्रभारी कमल किशोर शर्मा के अनुसार खातीपुरा निवासी 17 वर्षीय किशोरी द्वारा कमल चौहान के विरुद्ध शिकायत की है। कमल विधायक रमेश मेंदोला का समर्थक है और भाजपा मंडल अध्यक्ष भी है। उसको गरबा स्थल पर व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। गुरुवार रात युवती गरबा देखने गई थी।
टीआई के अनुसार छोटी बहन गरबा कर रही थी। किशोरी उसको पास देने गई तो कमल ने विवाद किया और किशोरी को बुरी तरह धकेलते हुए बाहर करने लगा। पूरा घटनाक्रम किशोरी के स्वजन के सामने हुआ था। इसका इंटरनेट मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ था। घटना का संज्ञान लेते हुए शनिवार को पुलिस ने किशोरी के कथन दर्ज किए और कमल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।