
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गांधी नगर थाने में मारपीट के दो मामले सामने आए हैं। पहले मामले में एक महिला ने अपने पति की प्रेमिका के साथ परिवार की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर मारपीट की। आरोप है कि महिला के सिर पर पत्थर से हमला किया गया। वहीं, दूसरे मामले में जमीन पर कब्जे को लेकर एक किसान के साथ दंपति ने मारपीट की। गांधी नगर पुलिस ने दोनों मामलों में FIR दर्ज की है।
गांधी नगर पुलिस ने महिला पूजा की शिकायत पर रीना चौधरी, सविता चौधरी, भूरीबाई और एक अन्य महिला के खिलाफ मारपीट की एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार पूजा ने बताया कि उसका रवि चौधरी से दो साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। दोनों शादी करने वाले हैं और गांधी नगर क्षेत्र में लिव-इन में रह रहे हैं।
रविवार को रवि की पत्नी रीना और मां भूरीबाई कमरे पर आईं। उन्होंने रवि के साथ रहने को लेकर आपत्ति जताई। पूजा के अनुसार रवि से शादी करने की बात कहने पर रीना, उसकी मां भूरीबाई और सास सविता ने अपशब्द कहे। इसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि रीना ने पत्थर उठाकर पूजा के सिर पर मार दिया। इसके बाद उसे कमरे से बाहर लाकर भी पीटा गया। पूजा ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद एफआईआर दर्ज की।
गांधी नगर में ही जमीन की नपती और कब्जे को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने राजेश काले की शिकायत पर मंजू सोनकर और अभिषेक सोनकर के खिलाफ रविवार को एफआईआर दर्ज की है। राजेश ने बताया कि वह किसान हैं। उन्होंने 2023 में सुरेंद्र यादव और जनक सेन से बागड़दा खसरे की जमीन खरीदी थी। इसमें उनके दोस्त राजेश भी पार्टनर हैं।
यह भी पढ़ें- हेलिकॉप्टर से हांककर 176 काले हिरणों का रेस्क्यू, शुजालपुर में बोमा तकनीक से पकड़कर भेजा कूनो
राजेश के अनुसार सात अक्टूबर को मल्हारगंज तहसीलदार के आदेश पर जमीन की नपती हुई थी। इसके बाद नौ अक्टूबर को आरआई और पटवारी की मौजूदगी में जमीन का कब्जा दिया गया था। जमीन पर कब्जे को लेकर बोर्ड भी लगाया गया था। आरोप है कि अभिषेक और उनकी पत्नी मंजू ने बोर्ड निकाल दिया। इसका विरोध करने पर दंपति ने जमीन को अपना बताते हुए अपशब्द कहे और राजेश काले के साथ मारपीट की। उनके साथी बीच-बचाव करने पहुंचे। बाद में राजेश आदेश लेकर थाने पहुंचे और दंपति के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की है।