
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र में बगैर अनुमति पेड़ काटना फैक्ट्री संचालक को भारी पड़ गया। नगर निगम ने संचालक पर दो लाख 25 हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया है।
उद्यान प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि जोन 17, वार्ड 18 के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-सी इंडस्ट्रियल एरिया, सांवेर रोड स्थित गुडविल ट्रेडर्स के संचालक शाहरुख खान द्वारा बगैर अनुमति इमली के तीन पेड़ों को जड़ से काटे जाने की सूचना मिली थी। तुरंत टीम भेजकर मौके पर जांच की गई। पता चला कि तीनों पेड़ों को पूरी तरह से काट दिया गया है।
यह भी पढ़ें- 'साहब! जमीन पर बैठो और हमारा दर्द सुनो...', मासूम की मौत पर पिता ने कलेक्टर को जमीन पर बैठाकर रखी मांगे
इस कृत्य को पर्यावरण संरक्षण नियमों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित संचालक पर दो लाख पच्चीस हजार रुपये का स्पाट फाइन लगाया गया। राठौर ने बताया कि शहर की हरियाली को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध निगम की कार्रवाई सतत जारी रहेगी। नागरिकों को चाहिए कि वे वृक्षों के संरक्षण में सहयोग करें और किसी भी पेड़ की कटाई, छंटाई से पहले निगम से आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त कर लें।