
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित स्कीम नंबर 114 पार्ट-1 के होटल सिल्वर पैलेस में राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने रविवार रात को हंगामा में कर दिया। उन्होंने होटल के कमरे में खजराना निवासी दो युवकों पर आरोप लगाए हैं कि वे एक हिंदू युवती को नशा करवाकर उसके साथ गलत काम कर रहे थे।
सूचना मिलते ही करणी सेना के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने पहले अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की और खुद को लक्की बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उनकी पहचान खजराना निवासी फैजान खान और अमन खान के रूप में हुई।
हंगामे के दौरान आरोपी अमन खान मौके से भागने में सफल हो गया। संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि अमन फर्जी पुलिसवाला बनकर लोगों को एमडी रखकर फंसाने की धमकी देता है और ब्लैकमेल करता है। दोनों खजराना और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर एमडी ड्रग्स और गांजा बेचने का अवैध कारोबार करते हैं।
फैजान का मोबाइल चेक करने पर कई युवतियों के साथ अश्लील फोटो, वीडियो और चैटिंग मिली है। मोबाइल में गांजे, एमडी और चाकू के फोटो भी बरामद हुए हैं। होटल के कमरे से शराब की बोतलें, बड़ी संख्या में गोलियां मिली हैं।
करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने आरोपी फैजान को पकड़कर लसूड़िया थाना पुलिस के हवाले कर दिया, जहां पुलिस ने उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। मौके पर मौजूद करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह दीक्षित, रणविजय सिंह तोमर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। संगठन ने फरार अमन की गिरफ्तारी और मामले में सख्त धाराओं में केस दर्ज करने की मांग की है।
खजराना टीआई राजकुमार यादव के अनुसार सेना के कार्यकर्ता एक फैजान नाम के युवक को लेकर आए हैं। वह बहुत ज्यादा नशे की हालत में था। उसके मोबाइल में आपत्तिजनक वीडियो, चाकू और गांजे की तस्वीरें मिली हैं। युवती को लेकर नशा उतरने पर पूछताछ करेंगे। अभी उसे थाने में बैठाकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।