यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 31, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
टमाटर से उतरा 'महंगाई का रंग', हरी मिर्च भी हुई 'मीठी'... इंदौर में गिर गए सब्जियों के दाम
इंदौर के व्यापारियों का कहना है कि अब थोक मंडी में टमाटर के साथ अन्य सब्जियों की आवक भी बढ़ेगी। बारिश में सब्जियां खराब होने का खतरा रहता है। इस कार...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 31 Jul 2024 09:42:56 AM (IST)Updated Date: Wed, 31 Jul 2024 09:42:56 AM (IST)
खेरची बाजार में टमाटर 40 रुपये किलो तक आ गए हैं। हरी मिर्च की कीमतें भी हुईं कम। -सांकेतिक चित्र।HighLights
- इंदौर में 60 प्रतिशत तक आ गई टमाटर के दामों में गिरावट।
- जानकारी के अनुसार 25 किलो टमाटर होता है एक क्रेट में।
- 12 ट्रक टमाटर आए अहिल्याबाई होलकर थोक सब्जी मंडी में।
लोकेश सोलंकी, इंदौर। महंगाई की रंगत से सुर्ख हुए टमाटर की रंगत अब फीकी पड़ती दिख रही है। थोक बाजार में टमाटर के दाम अब जमीन पर आ गए हैं। इस माह की शुरुआत में जिन दामों पर थोक मंडी में टमाटर बिक रहा था, अब दाम उससे आधे से भी कम पर हैं। इससे आम उपभोक्ताओं को खासी राहत मिलती दिख रही है। बीते दिनों तक शहर के बाजारों में टमाटर 100 रुपये किलो तक बिक रहा था। थोक मंडी में दाम कम होने से मंगलवार को खेरची बाजार में भी टमाटर 40 रुपये किलो तक आ गए हैं। बुधवार से दामों में और भी गिरावट की उम्मीद की जा रही है।
![naidunia_image]()
इसलिए बढ़े थे दाम
- शिर्डी के पास स्थित संगमनेर क्षेत्र में गर्मियों में भी नहर के चलने के कारण किसान टमाटर के बीज लगाते हैं।
- व्यापारियों से मिली जानकारी के अनुसार बरसात के साथ देशभर में टमाटर की आवक शुरू हो जाती है।
- ऐसे में इंदौर व देशभर की मंडियों में इसी क्षेत्र का टमाटर जाता है। यहां से टमाटर की भरपूर आवक होती है
- स्थानीय उपज समाप्त हो जाती है । बीते दिनों तक वहां से और राजस्थान से बहुत सीमित मात्रा में आवक हो रही थी। इसके चलते भाव भी आसमान छूने लगे थे।
आवक बढ़ी, दाम घटे
मंडी में बीते दिनों तक टमाटर की आवक कम थी। ऐसे में दाम बढ़ रहे थे। अब एकाएक आवक बढ़ने लगी है। इससे दामों में गिरावट आ रही है। इसके साथ कुछ छोटी गाड़ियां भी टमाटर भरकर पहुंचीं। लगभग सभी गाड़ियां महाराष्ट्र के संगमनेर क्षेत्र से आ रही हैं। वहां से आवक लगातार बढ़ रही है ऐसे में दाम भी घट रहे हैं।
सलीम चौधरी, थोक कारोबारी
व्यापारियों को उम्मीद
थोक मंडी में अब लगातार आवक बढ़ेगी। इसलिए आने वाले कुछ दिनों में खेरची बाजार में टमाटर 25 से 30 रुपये किलो भी बिकने लगेगा। महीनेभर बाद आसपास के क्षेत्रों की उपज भी आने लगेगी।
ऐसे घटे दाम
- 10 जुलाई को थोक मंडी में 1900 से 2000 रुपये क्रेट
- 15 जुलाई को थोक मंडी में 1400 से 1500 रुपये क्रेट
- 20 जुलाई को थोक मंडी में 1000 से 1200 रुपये क्रेट
- 30 जुलाई को थोक मंडी में 600 से 800 रुपये क्रेट