
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर हाई स्ट्रीट अपोलो, एबी रोड स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी (रोमियो लेन) और खातीवाला टैंक की बैराठी कॉलोनी स्थित गोस्वामी मोमोज पर कार्रवाई की। दोनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के कुल सात नमूने जांच के लिए भोपाल लैब में भेजे जा रहे हैं। अनियमितताओं और जरूरी दस्तावेजों के अभाव में दोनों जगह खाद्य निर्माण व प्रसंस्करण का काम बंद कराया गया।
खाद्य विभाग की टीम ने सबसे पहले ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी के किचन का निरीक्षण किया। यहां फ्रीजर में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले और उनकी उचित टैगिंग भी नहीं थी। खसखस और मशरूम पुराने व कीड़े लगे पाए जाने पर मौके पर नष्ट कराए गए।
पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी नहीं मिले। टीम ने पनीर, दही, मूंगफली दाना, खड़ा धनिया और ग्लास वर्मीसेली के पांच नमूने लिए। निरीक्षण में प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी एक्सपायर पाया गया।
शिकायत के आधार पर टीम ने गोस्वामी मोमोज का निरीक्षण किया गया। यहां मोमोज बनाकर दुकान पर बेचने के साथ अन्य विक्रेताओं को भी सप्लाई की जा रही थी। संचालक पंकज गिरि के पास खाद्य निर्माण का वैध लाइसेंस नहीं मिला।
निर्माण कक्ष और बैकलेन में गंदगी के साथ पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र और मेडिकल प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। टीम ने पनीर मोमोज और चीज मोमोज के दो नमूने लिए और वैध लाइसेंस व जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत होने तक निर्माण-प्रसंस्करण बंद कराया।
यह भी पढ़ें- इंदौर के Dominoes में मिला चूहों का मल, Subway में वेज-नॉनवेज एक साथ, KFC-पिज्जा हट की भी खुली पोल