बड़नगर के विशाल कुमार आइपीएस बने, यूपीएससी में 668 वीं रैंक प्राप्त की
परिणाम आने के बाद बड़नगर तहसील के साथ ही उनके गृह ग्राम सुंदराबाद में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने जन्म भूमि का नाम रोशन किया है।
By Kushagra Valuskar
Edited By: Kushagra Valuskar
Publish Date: Sat, 20 Apr 2024 09:51:31 PM (IST)
Updated Date: Sat, 20 Apr 2024 09:51:31 PM (IST)
विशाल कुमार को सम्मानित करते डीओएम संगठन के पदाधिकारी।नईदुनिया न्यूज, बड़नगर। तहसील के ग्राम सुंदराबाद में रहने वाले विशाल कुमार आईपीएस बन गए हैं। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा 2023 में 668 वीं रैंक प्राप्त करते हुए यह सफलता अर्जित की है। परिणाम आने के बाद बड़नगर तहसील के साथ ही उनके गृह ग्राम सुंदराबाद में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने जन्म भूमि का नाम रोशन किया है। वे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे गांव के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
विशाल कुमार की इस उपलब्धि पर डीओएम (दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक ) संगठनों के अखिल भारतीय परिसंघ के उज्जैन जिला अध्यक्ष जेके मालवीय,उपाध्यक्ष रणजीत चौहान, सचिव हरिवंश राय पथरोड़, बड़नगर तहसील अध्यक्ष ललित कुमार वर्मा ने उन्हें भारतीय संविधान भेंटकर सम्मानित किया हैं। कहा जाता है प्रतिकूल परिस्थितियों में ही प्रतिभा के प्रसून खिलते हैं। इस कहावत को चरितार्थ करते हुए विशाल कुमार ने असुविधाओं में जीवन व्यतीत करते हुए भी अपने लक्ष्य को सदैव महत्व दिया।
समय ने ली भी कठिन परीक्षा
यूपीएससी की तैयारी के दौरान समय ने भी उनकी कठिन परीक्षा ली और नवंबर 2023 में उनके पिता का देहांत हो गया। इस वज्रपात को सहते हुए भी विशाल कुमार ने अपने हौसले को बनाये रखा तथा बड़े बेटे का फर्ज निभाते हुए परिवार की पूरी जिम्मेदारी निभाते हुए यह मुकाम हासिल किया है।