
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। ढाका (बांग्लादेश) एनसीबी जिस तस्कर की सरगर्मी से तलाश में जुटी है वो इंदौर में नेटवर्क तैयार कर रहा था। पूरे देश में लड़कियों की सप्लाई करने वाले मोमिन उर्फ मामून को विजय नगर थाना पुलिस ने कालिंदी गोल्ड सिटी से गिरोह के पांच सदस्यों के साथ गिरफ्तार कर लिया। मोमिन पांच हजार से ज्यादा लड़कियों की खरीदी ब्रिक्री कर चुका है।
विजय नगर थाना टीआइ तहजीब काजी के मुताबिक मोमिन मूलतः कछारी पारा पबाना नगर बांग्लादेश का ही है। कम उम्र में वह पश्चिम बंगाल पहुंच गया था और खेतों में काम करने लगा। बाद में मुंबई आ गया और होटल में नौकरी शुरू कर दी। एक महिला के संपर्क में आने के बाद उससे शादी कर ली और विजय कुमार दत्त नाम से जाना जाने लगा। वह खुद को हिंदू ही बताता था। इसके बाद मोमिन पत्नी की मदद से बांग्लादेश के गरीब और कमजोर वर्ग की लड़कियों को नौकरी के बहाने भारत बुलाकर बेचने लगा।
उसने गुजरात, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान में देह व्यापार का जाल बिछा दिया और करीब पांच हजार लड़कियां बेची। कईं लड़कियों को उसने पत्नी के रुप में रखा और खूब शोषण किया।
समाचार पत्रों से हरकत में आई जांच एजेंसी
मोमिन की गिरफ्तारी की खबर से सीबीआइ और एनआइ हरकत में आई और उसकी गोपनीय रिपोर्ट मांगी। जनवरी में ढाका एनसीबी ने इंटरपोल को पत्र लिखा तो अफसर चौंक गए। एनसीबी ने बताया मादक पदार्थों की खरीद फरोख्त के एक प्रकरण में मोमिन की तलाश है। मोमिन वर्तमान में जेल में बंद है या छूट गया इसकी जानकारी एनसीबी ने मांगी।