यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Indore News: कुएं-बावड़ी वाले शहर ने देश को दिए अंतरराष्ट्रीय तैराक
Indore News: शहर को बड़े तरणताल की जरूरत महसूस हुई और 1969 में महू नाके पर बड़ा स्विमिंग पूल बना।
By Sameer DeshpandeEdited By: Sameer Deshpande
Publish Date: Sat, 16 Jul 2022 01:54:34 PM (IST)Updated Date: Sat, 16 Jul 2022 01:54:34 PM (IST)

Indore News: बंडू बापूजी कस्बे, इंदौर। एक दौर था जब तैरना सीखने के लिए नदी, तालाब या कुएं-बावड़ी में ही छलांग लगाई जाती थी। प्लास्टिक के डिब्बे बांधकर बच्चे तैरना सीखते थे। कुछ ना मिले तो अभिभावक ही बच्चों के कमर में रस्सी बांधकर उन्हें कुएं-बावड़ी में उतार देते थे। इसी तरह मैंने भी अपने दोस्त बाल सप्रे, पप्पू बारगल, मुकुंद कुलकर्णी, बाळ काटे, शिवाजी मोहिते के साथ तैरना सीखा। हम बाहरमत्था में तैरते थे। तैरने और तैराना सिखाने का सिलसिला 87 वर्ष की उम्र में भी जारी है। शहर में 1956 तक सार्वजनिक तरणताल का कोई जिक्र तक नहीं था। यशवंत क्लब, डेली कालेज और होलकर कालेज में जरूर स्विमिंग पूल थे लेकिन वह वहां के सदस्यों या विद्यार्थियों के लिए ही थे। 15 अगस्त 1957 में शहर में पहला सार्वजनिक तरणताल नेहरू पार्क में नगर निगम ने बनाया और पता नहीं किसने वहां प्रशिक्षण देने के लिए मेरा नाम सुझाया और मेरी नियुक्ति भी हो गई।
तरणताल बनते ही लोगों में तैराकी सीखने की उत्सुकता बढ़ गई। वर्ष भर बाद एक और अध्याय तैराकी के क्षेत्र में जुड़ा और यहां महिलाओं की भी बैच शुरू हुई। महिलाओं को प्रशिक्षण देने का जिम्मा शरयु लोखंडे को सौंपा गया। तैराकी को लेकर शहर का रुख और रुतबा दिन-ब-दिन बढ़ा तथा 1960 में यहां स्पर्धाओं की शुरुआत हुई। एक दिन अशोक चितले ने मुझे तैराकी से संबंधित कुछ पुस्तकें दी जिसे पढ़ने के बाद मेरी सोच व्यापक हुई और शहर में 1964-65 में पहली बार आल इंडिया स्कूल स्विमिंग कांपीटिशन कराई गई। इस स्पर्धा के बाद शहर को बड़े तरणताल की जरूरत महसूस हुई और 1969 में महू नाके पर बड़ा स्विमिंग पूल बना।
सन 1974 शहर के लिए बहुत अहम था क्योंकि इस साल शहर से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के तैराक देश को मिले और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जहां देश के तैराकों को कमतर आंका जाता था वह सोच पूरी तरह बदल गई। सुरेंद्र चौहान, विनोद महाजन, महेंद्र सिंह चौहान, विष्णु, आत्मजीत सिंह सलूजा, अनिता कस्बे राय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। इनमे से श्रुति झंवर ने स्विट्जरलैंड में हुई तैराकी स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। 1977 में भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच तैराकी स्पर्धा हुई जिसमें भारत विजेता बनकर लौटा। 1980 के बाद शहर में स्विमिंग को लेकर ना केवल जागरूकता व रुझान बढ़ा बल्कि स्विमिंग पुल की संख्या भी बढ़ी। अब शहर में बड़े होटल से लेकर निजी क्लब तक में स्विमिंग पुल बने। इसका असर यह हुआ कि यशवंत क्लब में 1935 में बने स्विमिंग पुल में पहली बार 1996 में इंटर क्लब स्विमिंग कांपीटिशन हुई।
(लेखक नेहरू पार्क तरणताल से सेवानिवृत्त तैराकी प्रशिक्षक व स्विमिंग फेडरेशन आफ इंडिया द्वारा नियुक्त भारतीय टीम के पूर्व कोच हैं)