नईदुनिया प्रतिनिधि सिंगरौली/सीधी। सिंगरौली जिले के सरई थाना अंतर्गत धौहनी सड़क के जंगल में रविवार रात पत्नी की मौत हो गई, जबकि उसका पति मामूली रूप से घायल है। दोनों इंदौर से बुलेट पर सवार होकर सिंगरौली आ रहे थे। पति इसे हादसा बता रहा है, जबकि महिला के परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि महिला के गले पर दबाने और नाखून के निशान हैं, इसलिए मामला संदिग्ध लग रहा है।
सरई थाना पुलिस के मुताबिक रिया राय और दिलीप जायसवाल बरका चौकी क्षेत्र के निवासी थे। उनके बीच 2019 से प्रेम संबंध थे। रिया ने दिलीप पर दुष्कर्म का मामला दर्ज भी कराया था। दिलीप तीन महीने जेल में रहा। बाद में रिया ने ही दिलीप की जमानत कराई थी। दिलीप के जेल से बाहर आने के बाद 28 सितंबर 2019 को दोनों ने जबलपुर में कोर्ट मैरिज कर ली थी। तब से दोनों साथ रह रहे थे। रिया दिलीप के अपने भाई के पास इंदौर घूमने गई थी। दोनों वहां से शनिवार को अपने गांव बरका के लिए रवाना हुए थे।
मृतक के भाई रिकी ने बताया कि रविवार की रात करीब आठ बजे रिया ने मां से बात की थी। उसने बताया था कि हम रात 11.12 बजे तक सिंगरौली पहुंच जाएंगे। इसके बाद रात करीब 10.45 पर मैंने फोन लगाया तो दिलीप ने बताया कि अभी हम निवास में हैं। चाय पीकर निकल रहे हैं। रात करीब 11.30 बजे दिलीप ने फोन कर बताया कि उनकी बुलेट का एक्सीडेंट हो गया है। रिकी ने कहा कि यह पूरी तरह से साजिश है। मेरी बहन को मारा गया है। सोमवार को रिया को स्कूल में अतिथि शिक्षक के पद पर जाइन करना था, इसीलिए इंदौर से दोनों यहां आ रहे थे। उसका आरोप है कि दिलीप इंदौर में बहन को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। परिवार से बातचीत करने के लिए रोकता था।
'प्राथमिक रूप से मामला संदिग्ध लग रहा है। मृतक के पति दिलीप को कोई चोट नहीं है, जबकि रिया के गले में दबाने और नाखून के निशान हैं। सिर पर किसी भारी चीज के टकराने की चोट है। डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।'
- जितेंद्र सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी, सरई