
इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। अभा श्वेतांबर जैन महिला संघ केंद्रीय इकाई का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को रवींद्र नाट्यगृह में हुआ। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष निशा संचेती सहित अन्य पदाधिकारियों ने कर्तव्य परायणता की शपथ लेकर वर्षभर की जाने वाली सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। निवृतमान अध्यक्ष कौशल्या जैन ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पिन लगाकर कार्यभार सौंपा।
समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने वर्षभर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। इनमें नेत्र प्रत्यारोपण शिविर, बाल विकलांग आपरेशन शिविर, हरियाली से ख़ुशहाली, वृहद् पौधारोपण, उद्यमी महिलाओं के लिए उमंग शापिंग फ़ेस्टिवल आदि शामिल है। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी, नगर निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल एवं डिप्टी कमिश्नर रजनीश श्रीवास्तव, इकाई की संस्थापक अध्यक्ष रेखा जैन ने की। संचालन सरोज कोठारी एवं स्नेहा कटारिया ने किया। आभार सचिव वंदना जैन ने व्यक्त किया ।
पांच सौ से अधिक लोग लाभांवित - समारोह में सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि महिला संघ द्वारा विकलांगों के लिए शिविर का आयोजन कर पांच सौ से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है। साथ ही 108 दृष्टिहीन लोगों के निश्शुल्क आपरेशन करवाकर दृष्टि देने का सराहनीय कदम उठाया है। विशिष्ट अतिथि नगर निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल ने कहा कि महिलाएं जो कार्य हाथ में लेती हैं, उसे पूर्ण करने की उनमें क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि सभी को घरों में वाटर रिचार्जिंग करवाना है और पड़ोस के दोनों घरों को भी प्रेरित करना है।
जिन घरों में बेटियों को सताया जाता वहां समृद्धि नहीं आती
इंदौर। श्री गुरु सेवा संस्थान एवं परम पूज्य गुरुदेव विवेक महाराज के सान्निध्य में शिवाजी नगर में नानीबाई के मायरे का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पं. मुरारीलाल चौबे ने सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करते हुए कहा कि जिन घरों में बेटियों को सताया जाता है, वहां कभी भी समृद्धि नहीं आती है। जिन घरों में नारी पूजन और नारी का सम्मान होता है, वहां पर लक्ष्मी नारायण का वास होता है। कथा प्रसंग के अंतर्गत नटराज प्रस्तुति महाराष्ट्र से आए हुए समूह ने दी। इस अवसर पर व्यासपीठ का पूजन समाजसेवी मोहनसिंह सेंगर, समाजसेवी राजेंद्र चौकसे, चंद्रकांत कुंजीर एवं मिलिंद दिघे ने किया।