Indore News: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। सत्यम साक्षी सेवा संस्थान की महिलाओं ने सराहनीय पहल करते हुए एक जरूरतमंद बेटी के विवाह की जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। महिलाओं ने उसके पिता का फर्ज निभाते हुए कन्यादान भी किया। संस्था की अध्यक्ष सीमा सेन बताती है कि इस बेटी के पिता नहीं होने के कारण और मां को कैंसर की बीमारी का पता चलते ही, संस्था के सभी सदस्यों ने संकल्प लिया था कि हम इस कन्या का विवाह कराएंगे। इसी संकल्प के अनुसार कन्या का विवाह वेद मंत्रोच्चारण के बीच कराया गया। बेटी की जानकारी संस्था के सदस्य एंव रोटेरियन घनश्याम सिंह ने दी।
समिति के सदस्य ने दहेज का सामान उपलब्ध कराया। समिति की महिलाओं ने बेटी के विवाह खर्च सहित सभी जरूरत का सामान दिया। समिति ने कुछ महीनों पहले कई जोड़ों का निश्शुल्क सामूहिक विवाह कराया था। समिति हमेशा सेवा के कार्यों में योगदान देती रहती है। इस समारोह में गीता विलौरीया, मोना बिक्रम अग्रवाल,(रोटेरियन) घनश्याम सिंह, आनंद खूजनेरी, प्रमीला शर्मा, ज्योति, प्रमीला शर्मा, ज्योति शर्मा, चंदा तिवारी, प्रथम वीलौरीया, अमिता अग्रवाल, नंदिता शर्मा, रीमा दुबे, इन्द्रा जाटवा शामिल हुई।
नारायण सांई धाम कुष्ठ आश्रम पर उपहारों सहित बेटी की विदाई
पितृ पर्वत के पास नारायण सांई धाम कुष्ठ आश्रम पर समाजसेवी जगदीश बाबाश्री के मुख्य आतिथ्य में आश्रम की बेटी कृष्णा का शुभ विवाह बाणगंगा निवासी दीपक के साथ हुआ। विवाह में सभी रस्मों एवं परंपराओं को निभाया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि बाबाश्री ने नवयुगल को गृहस्थी चलाने योग्य उपहार भेंटकर शुभाशीष प्रदान किए। इससे पूर्व भी कुष्ठ बस्ती की पांच कन्याओं के तथा शहर में 105 कन्याओं के विवाह में भागीदार बन चुके हैं।
आशीर्वाद समारोह में कुष्ठ आश्रम परिवार के सभी सदस्यों के अलावा अग्रवाल समाज के समाजसेवी अरुण आष्टावाले, प्रमोद बिंदल, अभय मित्तल, भावना नितिन अग्रवाल, कैलाश नारायण बंसल, राजेश मित्तल, तृप्ति अरुण गोयल, अंजलि अग्रवाल सहित विभिन्न अग्रवाल वैश्य संगठनों के गणमान्य बंधुओं ने भी वर-वधू को उपहारों सहित शुभाशीष प्रदान किए।