नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जालसाज गरीब और बस्ती की महिलाओं से समूह लोन का झांसा देकर लाखों रुपयों लेकर फरार हो गए। पीड़ित महिलाओं ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज करवाई है। आरोपितों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। एडिशनल डीसीपी(अपराध) राजेश दंडोतिया के मुताबिक नंदानगर,मूसाखेड़ी,पिपल्याहाना क्षेत्र की महिलाओं द्वारा शिकायत दर्ज करवाई है।
रेणू शर्मा,कमला साहू ने बयान में बताया आरोपितों ने पेम्पलेट छपवाए और बस्तियों में बंटवा दिए। आरोपितों ने उन महिलाओं को टारगेट किया जो घरों में काम करती हैं। उन्हें एक लाख रुपये तक का लोन स्वीकृत करवाने का झांसा दिया और प्रक्रिया के नाम पर प्रत्येक महिला से 3 से 4 हजार रुपये ले लिए। कईं महिलाओं ने तो एकत्र कर 80 हजार रुपये भी दिए। आरोपितों ने गुरुवार को खातों में रुपए को जमा करवाने का बोला और फोन बंद कर लिए।
शुक्रवार तक रुपये नहीं आए तो महिलाएं जंजीरवाला चौराहा स्थित ऑफिस पहुंची। कुछ कर्मचारी मिले जो सैलरी न मिलने से चिंतित थे। उन्होंने बताया आरोपितों ने उनके साथ भी ठगी की है। कर्मचारी और पीड़ित महिलाएं दोपहर को क्राइम ब्रांच पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस के अनुसार एक आरोपित का नाम विजय सोनोने पता चला है। कर्मचारियों ने बयान में बताया उनसे भी आरोपितों ने रुपये ले लिए है।