World Population Day 2021: इंदौर में हर साल बढ़ रहे 69 हजार लोग, एक दशक में 6.92 लाख बढ़ी जनसंख्या
World Population Day 2021: अब शासन से जैसे निर्देश और कार्यक्रम आएगा, जनगणना का कार्य शुरू किया जाएगा।
By gajendra.nagar
Edited By: gajendra.nagar
Publish Date: Sat, 10 Jul 2021 02:39:52 PM (IST)
Updated Date: Sat, 10 Jul 2021 08:36:47 PM (IST)

इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि, World Population Day 2021। स्वच्छता में देश में पहले नंबर पर आने वाली प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर में बढ़ती आबादी के भी कीर्तिमान बन रहे हैं। जिस तरह यहां विकास हो रहा है, आबादी भी उतनी ही गति से बढ़ रही है। जनसंख्या के आंकड़ों के लिहाज से इंदौर जिले में हर साल औसतन 69 हजार लोग बढ़ रहे हैं। वर्ष 2011 से अब तक एक दशक की बात करें जिले में करीब 6.92 लाख आबादी बढ़ चुकी है।
विश्व जनसंख्या दिवस पर 'नईदुनिया" की पड़ताल में यह सामने आया है। भारत सरकार द्वारा कराई जा रही जनगणना से अनुमान लगाया जा रहा है कि वर्ष 2021 में इंदौर जिले की आबादी 39 लाख 68 हजार हो चुकी है। जबकि वर्ष 2011 की जनगणना में जिले की आबादी 32 लाख 76 हजार थी। बहरहाल मध्यप्रदेश के सभी जिलों में इंदौर सर्वाधिक आबादी वाला जिला बना हुआ है। जबलपुर, भोपाल, सागर, सतना, रीवा और ग्वालियर जैसे जिले भी आबादी के मामले में इंदौर से काफी पीछे हैं।
उल्लेखनीय है कि देश में हर 10 साल में जनगणना होती है। यह जनगणना का वर्ष ही चल रहा है, लेकिन इस बार कोरोना के कारण जनगणना का काम भी प्रभावित हुआ है। योजना एवं सांख्यिकी विभाग के संयुक्त संचालक जेपी परिहार ने बताया कि जनगणना-2021 की प्रक्रिया तो दिसंबर 2019 से ही शुरू हो गई थी। जनगणना कार्य के तहत अप्रैल-मई 2020 में हाउस लिस्टिंग का काम शुरू होने वाला था, लेकिन कोरोना महामारी के कारण यह प्रक्रिया रुक गई। अब शासन से जैसे निर्देश और कार्यक्रम आएगा, जनगणना का कार्य शुरू किया जाएगा।