
World Radio Day 2023: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। खानपान के लिए प्रसिद्ध इंदौर की छप्पन दुकान पर अब ग्राहक लजीज व्यंजनों के साथ संगीत का आनंद भी ले सकेंगे। छप्पन दुकान का अपना रेडियो स्टेशन सोमवार से शुरू होगा। रविवार को इसका विधिवत शुभारंभ हुआ। अब तक अहमदाबाद, दिल्ली व पुणे जैसे शहरों में निजी बाजारों व फूड स्ट्रीट में इस तरह का प्रयोग किया जाता रहा है। यह पहला मौका है जब किसी नगरीय निकाय माध्यम से निजी एजेंसी इंदौर में छप्पन का अपना रेडियो स्टेशन शुरू करेगी।
अहमदाबाद की टू पाइ आर कंपनी इस रेडियो स्टेशन का संचालन करेगी। फिलहाल अहमदाबाद में बैठे आरजे के माध्यम से आनलाइन संचालित किया जाएगा। आगामी दिनों में इंदौर में कंपनी अपना रेडियो स्टेशन तैयार करेगी। वेब लिंक व क्यूआर कोड के माध्यम से लोग इंदौर ही नहीं, देश में कहीं भी इस रेडियो को सुन सकेंगे। दिन में 14 घंटे तक इस रेडियो स्टेशन से प्रसारण होगा। स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा निजी एजेंसी के माध्यम से रेडियो स्टेशन की शुरुआत की जा रही है। अभी वेब लिंक के माध्यम से रेडियो का संचालन किया जाएगा। जल्द ही क्यूआर कोड जारी होंगे, जो छप्पन दुकान परिसर में लगाए जाएंगे। इसे स्कैन करके वेब लिंक पर पहुंचकर गाना सुना जा सकेगा।
वेलेंटाइन वीक के दौरान छप्पन पर काफी संख्या में युवा पहुंचते हैं। इसी दौरान छप्पन के अपने ‘टू पाइ आर’ रेडियो स्टेशन की शुरुआत हो रही है। ऐसे में कोई भी अपने खास मित्र या विशेष व्यक्ति को इस रेडियो के माध्यम से गाना समर्पित कर सकेगा। इसके अलावा इस रेडियो पर हर दिन फन तड़का कांटेस्ट प्रतियोगिता होगी।