Writer Indore News: लेखिकाओं ने की चिकित्सकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त
Writer Indore News: आनलाइन हुए इस कार्यक्रम में संस्था की सदस्याओं ने इस बार 'चिकित्सक विषय पर विचार व्यक्त करते हुए उनके प्रति आदरांजलि दी।
By gajendra.nagar
Edited By: gajendra.nagar
Publish Date: Sat, 10 Jul 2021 12:05:00 PM (IST)
Updated Date: Sat, 10 Jul 2021 02:24:28 PM (IST)

इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि,Writer Indore News। साहित्य के क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं की संस्था वामा साहित्य मंच द्वारा साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। आनलाइन हुए इस कार्यक्रम में संस्था की सदस्याओं ने इस बार 'चिकित्सक" विषय पर विचार व्यक्त करते हुए उनके प्रति आदरांजलि दी।
संस्था अध्यक्ष अमर चड्ढा के स्वागत भाषण से शुरू हुए कार्यक्रम में उषा धारूणे ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। आयोजन दो भागों में विभक्त था। पहले सत्र में चिकित्सकों का सम्मान किया गया। इसमें महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कालेज की नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. प्रीति रावत और न्यूरोलाजिस्ट डा. अर्चना कुशवाह का सम्मान किया गया। इन चिकित्सकों ने कोरोना काल के अनुभव साझा किए।
आयोजन का दूसरा भाग लेखिकाओं के अनुभवों और रचनाओं पर केंद्रित था। इसमें शांता पारेख ने कहा कि चिकित्सक देवता, मसीहा, भगवान बन गए हैं, लोगों का जीवन संवार कर स्वयंसिध्द बन गए हैं। सरला मेहता ने एकांकी के माध्यम से कोरोना का डटकर मुकाबला करने की सलाह दी। सुमन कश्यप ने कहा कि महामारी के इस दौर में एक चिकित्सक पर मानसिक, शारीरिक और व्यक्तिगत तनाव बहुत होता है।
आयोजन में कविता, कहानी, लघुकथा के माध्यम से भी चिकित्सक के कर्तव्य की बात हुई जिसमें लेखिकाओं ने खट्ठे-मीठे अनुभव साझा किए। सुधा प्रेम व्यास ने 'धरती के भगवान की महान गाथा" लघुकथा सुनाई। पदमा राजेंद्र ने जीवन की तुलना ऐसी सीडी से की जिसमें रिवाइंड और फास्ट फारवर्ड की सुविधा नहीं होती बस उसे चालू करें और आनंदित रहें। कार्यक्रम में 38 सदस्यों की रचनाओं को संकलित कर तैयार की गई 'ई-पुस्तक" का भी विमोचन हुआ। संचालन दीपा व्यास ने किया। आभार इंदु पाराशर ने माना।