
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। शहर में डेंगू प्रभावितों की संख्या लगातार बढ़ते जा रही है। महज ढाई महीने में ही 167 मरीज मिल चुके हैं। वहीं शनिवार को डेंगू से पीड़ित 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। निजी अस्पताल की लैब में हुई जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज की लैब की रिपोर्ट में भी डेंगू से युवक की मौत की पुष्टि हो गई। भंवरकुआं निवासी पराग पुरोहित को विजय नगर स्थित अस्पताल में सिरदर्द और तेज बुखार के चलते भर्ती किया गया था। 17 अक्टूबर को उसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जिला मलेरिया अधिकारी के अनुसार, युवक की मौत डेंगू से हुई है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट में भी युवक में डेंगू की पुष्टि हुई है। इधर एक दिन पहले शुक्रवार को भी डेंगू के तीन नए मरीज मिलने के बाद पीड़ित मरीजों की संख्या 167 तक पहुंच चुकी है। प्रभावितों की संख्या बढ़ने के बाद भी नगर निगम नियमित फागिंग नहीं कर पा रहा है।
22 फागिंग मशीनों में से सात खराब हैं। जो ठीक हैं उनसे भी हर कॉलोनी में फागिंग नहीं की जा रही है। पिछले दिनों स्वास्थ्य मंत्री ने नियमित फागिंग व रिपोर्ट देने के लिए भी निर्देशित किया था। पिछले साल की तुलना में इस साल महज ढाई माह में ही 167 मरीज मिल चुके हैं। इसलिए भी विभाग की चिंता बढ़ चुकी है। मलेरिया विभाग के पास 30 लाख की आबादी व लगभग पांच लाख घरों तक पहुंचने के लिए महज 70 से 75 कर्मचारी ही हैं। जो मरीज मिलने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में जांच के लिए पहुंचते हैं।
नियंत्रण के लिए एक नए दल का गठन
मलेरिया विभाग ने डेंगू बैक्टीरिया के कारक एडिज एजिप्टी मच्छर पर नियंत्रण के लिए नए दल का गठन किया है। इसमें अब एंटी लार्वा एक्टीविटी टीम के साथ नगर निगम का एक कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता व एएनएम को भी शामिल किया गया है। यह टीम रोजाना प्रभावित क्षेत्र व डेंजर जोन वाले क्षेत्रों में पहुंचेगी। अभी तक सांवेर रोड, लोकमान्य नगर, मूसाखेड़ी, सुदामा नगर, अन्नपूर्णा नगर, चोइथराम चौराहा क्षेत्र, एयरपोर्ट, विजय नगर व खजराना क्षेत्र की कॉलोनियों में मरीज मिले हैं। इन क्षेत्रों में टीम दोबारा पहुंचेगी।
पिछले साल मिले थे 265 मरीज
जनवरी से दिसंबर 2018 तक 265 डेंगू प्रभावित मरीज मिले थे। इनमें से दो की मौत भी हुई थी। वहीं जनवरी से दिसंबर 2017 तक 156 डेंगू प्रभावित मरीज मिले थे। लेकिन इस साल ढाई माह में ही 167 मरीज मिल चुके हैं।
इस तरह से पहचाने डेंगू के लक्षण
- अचानक तेज सिर दर्द व बुखार
- मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द
- आंख दर्द, जो बढ़ता रहे
- जी मिचलाना और उल्टी होना
- गंभीर हालत होने पर नाक, मुंह, मसूढ़े से खून आना
इस तरह से करें बचाव
- घर के आसपास पानी जमा न होने दें
- पानी के बर्तन या टंकियां ढंककर रखें
- कूलर व अनुपयोगी टंकियां खाली करें
- एडिज एजिप्टी मच्छर अधिकतर दिन में काटते हैं, इनसे बचाव करें
- रात को मच्छरदानी लगाकर सोएं
- फागिंग होने पर घर की खिड़की दरवाजे खुले रखें।
अन्य कर्मचारियों को भी किया शामिल
पहले मलेरिया विभाग के कर्मचारी ही एंटी लार्वा एक्टीविटी टीम में शामिल थे। अब नगर निगम के कर्मचारी व विभाग से आशा कार्यकर्ता व एएनएम को भी शामिल किया गया है। यह टीम क्षेत्रों में जाएगी व रोजाना जांच की रिपोर्ट भी सौंपेगी। - डॉ. दौलत पटेल, जिला मलेरिया अधिकारी
कुछ मशीनें सुधरने भेजी हैं
हर जोन में फागिंग मशीन है। जहां मशीन खराब हैं उन्हें सुधरने भेजा गया है। एक कॉलोनी में एक बार ही फागिंग की जाती है। डेंगू के मरीज मिलने या लोगों द्वारा जोन पर फागिंग के लिए सूचना देने पर भी मशीन वहां भेज दी जाती है। - अखिलेश उपाध्याय, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम