
अमित जलधारी, इंदौर। केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु 25 फरवरी को अपने कार्यकाल का दूसरा रेल बजट पेश करेंगे। इसमें खासतौर से मालवा के लिए तीन बड़ी सौगातें मिलना तय माना जा रहा है। अंचल की सबसे बड़ी परियोजना के रूप में बहुप्रतीक्षित इंदौर (महू)-मनमाड़ रेल लाइन को बजट में मंजूरी मिलेगी। इस प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन से मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के पिछड़े हिस्से के विकास को पंख लगेंगे।
प्रभु के बजट पिटारे में इंदौर-उज्जैन रेल लाइन के दोहरीकरण के लिए भी राशि मिलना तय है। इससे इंदौर-देवास-उज्जैन सेक्शन में क्रॉसिंग की परेशानी खत्म हो जाएगी। तीसरी सौगात के रूप में रेल मंत्री फतेहाबाद-उज्जैन ब्रॉडगेज प्रोजेक्ट को बजट में मंजूरी देंगे। यह रेल लाइन उज्जैन-इंदौर के बीच में न केवल दूसरा वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराएगी, बल्कि इससे इंदौर-उज्जैन की दूरी भी घटेगी।
तीनों योजनाओं की मंजूरी के लिए लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन संबंधित क्षेत्रों के सांसदों के साथ लंबे समय से प्रयास कर रही हैं। रेलवे बोर्ड के सूत्रों की मानें तो स्पीकर और अन्य सांसदों के दबाव को देखते हुए मंत्रालय ने तीनों योजनाओं को ग्रीन सिग्नल दिया है। इंतजार सिर्फ बजट में औपचारिक मंजूरी का है।
ये योजनाएं मालवा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। जानकारों का कहना है कि यह पहला मौका है जब रेल मंत्रालय मालवा क्षेत्र के लिए तीन से चार हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं एक साथ मंजूर कर रहा है। मनमाड़ लाइन प्रोजेक्ट मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र राज्य सरकारों की आर्थिक भागीदारी से क्रियान्वित होगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी इशारा कर चुके हैं कि रेल पोर्ट कनेक्टिविटी कॉर्पोरेशन के लिए इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन प्रोजेक्ट का क्रियान्वयन किया जाएगा।
1. मुंबई को और करीब लाएगी मनमाड़ लाइन
* इंदौर (महू)-मनमाड़ लाइन करीब 339 किमी लंबी है और इसकी अनुमानित लागत तीन हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है।
* यह रेल लाइन महू से सेंधवा, शिरपुर, धुलिया होते हुए मनमाड़ पहुंचेगी।
* अभी वाया वडोदरा-सूरत होते हुए इंदौर-मुंबई की दूरी 829 किमी है, जो घटकर 560 किमी हो जाएगी।
* पीथमपुर निर्यात के लिए सीधा बंदरगाह से जुड़ जाएगा।
* उत्तर-दक्षिण भारत की दूरी घटेगी और राष्ट्रीय स्तर पर वैकल्पिक गलियारा मिलेगा।
* इंदौर-पुणे के बीच मनमाड़-दौंड होते हुए सीधा संपर्क स्थापित होगा।
* इंदौर का रेल संपर्क शिर्डी-पंढरपुर से हो सकेगा।
2. इंदौर-देवास के बीच पहले होगा दोहरीकरण
* अभी 79 किमी लंबी इंदौर-देवास-उज्जैन लाइन पर 35 से ज्यादा दैनिक, साप्ताहिक, द्विसाप्ताहिक या सप्ताह में तीन, चार और पांच दिन चलने वाली ट्रेन का दबाव है।
* ट्रेनों की अत्यधिक संख्या के कारण अप-डाउन ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए लंबे समय तक खड़ा रहना पड़ता है। इससे यात्रियों का बहुमूल्य समय जाया होता है।
* रेलवे ने तय किया है कि सबसे पहले इंदौर-देवास लाइन का दोहरीकरण किया जाए, क्योंकि देवास-मक्सी लाइन के कारण देवास-इंदौर के बीच यात्री ट्रेनों का दबाव ज्यादा है।
* रेलवे 460 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट में दोहरी लाइन के साथ विद्युतीकरण भी करेगा।
3. फतेहाबाद-उज्जैन ब्रॉड गेज से 17 किमी घटेगी उज्जैन की दूरी
* फतेहाबाद-उज्जैन के बीच वर्तमान में 22 किमी मीटर गेज बिछी है। कायदे से इसी टुकड़े को रतलाम-इंदौर ब्रॉडगेज प्रोजेक्ट के साथ-साथ ही बड़ी लाइन में बदला जाना था लेकिन रेलवे ने इसे प्रोजेक्ट से हटा दिया था।
* इस हिस्से में बड़ी लाइन बिछाने पर 105 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि खर्च होगी।
* बीच में रेलवे ने इसमें राज्य सरकार से 50 फीसदी लागत भागीदारी करने को कह दिया था। हालांकि अभी इसे लेकर अंतिम फैसला होना बाकी है।
* अभी उज्जैन होते हुए भोपाल या ग्वालियर तरफ आने-जाने वाली ट्रेनों के इंजन की दिशा उज्जैन में बदलना पड़ती है। फतेहाबाद-उज्जैन लाइन यह झंझट खत्म कर देगी और यात्रियों का समय बचेगा।
* इंदौर-उज्जैन के बीच देवास होते हुए दूरी 79 किमी है जो फतेहाबाद लाइन बनने के बाद घटकर 62 किमी रह जाएगी। इंदौर-उज्जैन के बीच अतिरिक्त गाड़ियां चलाई जा सकेंगी।
मालवा-निमाड़ की तकदीर बदलने वाले प्रोजेक्ट
महू-मनमाड़ लाइन पश्चिमी निमाड़ क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी, क्योंकि क्षेत्र की जमीन और मानव संसाधन की उपयोगिता बढ़ेगी। वहां की उपज के लिए मुंबई जैसा बड़ा बाजार रेल संपर्क के जरिए खुल जाएगा। इस लाइन का बड़ा हिस्सा नेशनल हाईवे-3 (आगरा-मुंबई) के समानांतर बनेगा। इंदौर-उज्जैन लाइन के दोहरीकरण से यात्रा समय घटेगा। जब मनमाड़ लाइन, दाहोद लाइन, छोटा उदयपुर लाइन और खंडवा ब्रॉड गेज जैसे प्रोजेक्ट पूरे होंगे, तब दोहरीकृत रेल लाइन बहुत काम आएगी। फतेहाबाद-उज्जैन बड़ी लाइन बिछने से उज्जैन के प्लेटफॉर्म की उपयोगिता बढ़ेगी और डेमू-मेमू जैसी ट्रेन चलने से इंदौर-उज्जैन का सफर आसान होगा। कहना गलत नहीं है कि तीनों योजनाएं अंचल का भाग्य बदलने वाली योजनाएं हैं।
-नागेश नामजोशी, रेलवे मामलों के वरिष्ठ विशेषज्ञ