इटारसी नवदुनिया प्रतिनिधि।
मंडल रेल प्रबंधक सौरभ बंदोपाध्याय ने शनिवार को सभी विभाग प्रमुखों के साथ खंडवा-इटारसी रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने इस रेल खंड पर स्थित रेल पुल, रेल पथ, ओएचई से जुड़े उपकरण एवं सिग्नल प्रणाली का सघन निरीक्षण कर इनकी कार्य क्षमता को परखा। अधिकारियों को आवश्यक सुधार के के संबंध में निर्देश भी दिए। मथेला स्टेशन निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने यहां विकसित किए जा रहे माल गोदाम का निरीक्षण कर विकास कार्यों का जायजा लिया। मथेला-निमारखेड़ी लाइन के निर्माण के साथ मथेला स्टेशन एक महत्वपूर्ण जंक्शन के रूप में विकसित हुआ है। खंडवा स्टेशन पर ट्रेन संचालन का अत्यधिक दबाव होने के कारण यहां पर एक गुड्स शेड का निर्माण किया जा रहा है, इससे मथेला स्टेशन पर माल लदान-उतरान की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। खंडवा क्षेत्र में व्यवसायियों को एक सुविधाजनक माल गोदाम उपलब्ध हो जाएगा।
तलवड़िया स्टेशन पहुंचकर डीआरएम ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। बेहतर सुधार के बारे में अधिकारियों से चर्चा की।बीड़ पहुंचकर डीआरएम ने स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां पर निर्माण किए जाने वाले मालगोदाम के संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा की।
हरदा स्टेशन के निरीक्षण के दौरान डीआरएम नें स्टेशन की साफ सफाई, आरक्षण कार्यालय, बुकिंग कार्यालय, स्टेशन एरिया आदि का निरीक्षण कर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, विकास कार्यों एवं रेल कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेकर यहां बन रहे मालगोदाम की जानकारी ली।
इटारसी स्टेशन पहुंचकर डीआरएम ने अधिकारियों को स्टेशन की साफ- सफाई, स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, खानपान व्यवस्था का जायजा लेकर सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक के साथ वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबन्धक विवेक कुमार, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर राव अभिषेक, मंडल इंजीनियर (दक्षिण) वशीम मोहम्मद, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी मानस रंजन परिडा सहित अन्य अधिकारी व पर्यवेक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।