यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 03, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इटारसी में गर्मी हुई तेज तो भक्तों ने हनुमानजी के लिए लगा दिया एसी
भक्तों ने अपने प्रिय भगवान को इस तेज तपन से बचाने के लिए उनके लिए एसी लगा दिए हैं।
By Edited By:
Publish Date: Sun, 03 Apr 2016 09:40:48 PM (IST)Updated Date: Mon, 04 Apr 2016 03:06:56 PM (IST)

नवदुनिया संवाददाता, इटारसी। मौसम ने मिजाज बदलकर तेज गर्मी शुरू कर दी तो भक्तों ने अपने प्रिय भगवान को इस तेज तपन से बचाने के लिए उनके लिए एसी लगा दिए हैं। इटारसी के हनुमान धाम में विराजे प्रभु हनुमान सहित श्रीराम, माता सीता, श्रीराधाकृष्ण, श्रीगणेश, श्री साईनाथ महाराज के लिए भक्तों ने एसी लगा दिए हैं ताकि उन्हें गर्मी न लगे। भक्तों का कहना है कि गर्मी तेज होने के कारण एसी चालू कर दिए गए हैं। वहीं श्रीद्वारिकाधीश मंदिर में भी प्रभु को गर्मी से राहत दिलाने के लिए कूलर जल्द ही लगने वाला है।
इटारसी सहित आसपास के क्षेत्र में पारा 44 पार कर गया है, लगातार दूसरे दिन पारा इस अंक पर दिन में मौजूद रहा। वहीं रात में भी गर्मी के तेवर प्रारंभ हो गए हैं, पंखों का दम फूलने लगा है। नागरिकों ने कूलर निकाल लिए हैं। शहर के प्रसिद्ध हनुमान धाम मंदिर पीपल मोहल्ला में भगवान को गर्मी से बचाने के लिए एसी चालू कर दिए गए हैं। यहां बजरंगबली के गर्भगृह में एक एसी लगा है और परिसर में मौजूद दो अन्य मंदिरों में भी एक-एक एसी लगाए गए हैं।
मंदिर समिति के सेवादार लखन सिंह बैस ने बताया कि हनुमान भक्त पाली भाटिया ने मंदिर में ये एसी प्रभु के लिए लगवाएं हैं। श्री बैस ने बताया कि भाटिया का मानना है कि जब इस गर्मी में हम नागरिकों गर्मी से बचाने के लिए सारे जतन करते हैं तो प्रभु गर्मी में क्यों रहें, इसलिए एसी लगाया गया है। बैस ने बताया कि सिर्फ ठंड के मौसम में एसी बंद रखा जाता है।
रात में 24 डिग्री पहुंचा पारा
रात के वक्त शहर में पारा 24 डिग्री तक पहुंच गया है। पंखों के स्थान पर अब कूलर चलने लगे हैं। होली तक स्थिति ये थी कि रात में रजाई ओढ़कर सोना पड़ रहा था, लेकिन अब ये स्थिति नहीं रही।
मुंह पर कपड़ा बांधकर निकल रहे नागरिक
गर्मी तेज होने से दोपहर के वक्त नागरिक मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलने लगे हैं। बाजार में अचानक गमछे की डिमांड तेज हो गई है। बुजुर्ग और बच्चों ने तो दोपहर के वक्त घर से निकलना बंद कर दिया है।