नवदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। हिंदू समाज के धर्मगुरु स्वामी श्री रामभद्राचार्य ने कुछ दिनों पहले प्रचलित हनुमान चालीसा में कुछ शाब्दिक त्रुटियों का जिक्र किया था। महाराज ने इसी संशोधन के साथ गीता प्रेस गोरखपुर द्वारा प्रिन्ट की गई हनुमान चालीसा में चार चौपाईयों में सुधार कराए हैं।
हाल ही में इटारसी की भजन गायिका कान्हा फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती अनिता तांबि खंडेलवाल ने पद्मश्री अनूप जलोटा के साथ चार सुधार सहित हनुमान चालीसा पाठ के सस्वर गायन की रिकॉर्डिंग कराई। लता मंगेश्वर स्टूडियो मुम्बई में टी सीरिज इसकी रिकार्डिंग की गई है, जिसका प्रसारण आगामी माह में होने की संभावना है।
कौन हैं खंडेलवाल
इटारसी निवासी अनिता तांबि खंडेलवाल श्री कान्हा फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं स्वर संगम संगीत विद्यालय की संचालिका हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चैनल संस्कार , सत्संग , मां भक्ति सागर , शुभ और आस्था पर नियमित रूप से भक्ति भजन की प्रस्तुति और 200 से भी अधिक भजनों का वर्ष 2006 से निरंतर प्रसारण होता आ रहा है।
वर्ष 2010 में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक बाबा रामदेव जी द्वारा भजन एल्बम का विमोचन एवं वर्तमान में शुभ ,संस्कार और सत्संग चैनलों पर एल्बम का प्रसारण होता रहता है।
संगीत और टैलेंट के क्षेत्र में कई बडे़ मेगा शो में निर्णायक और चयनकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका की जिम्मेदारी भी निभाई है।
खंडेलवाल द्वारा गीत संगीत और नृत्य की विधा के क्षेत्र में समर्पित प्रतिभाओं को निखारने हेतु निशुल्क स्वर संगम संगीत विद्यालय का संचालन कर अब तक कई प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बडे़ मेगा शो में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। हाल ही में इन्हें नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
यह सुधार कराए महाराज ने
चौपाई क्रं. - 6,27,32,और 38 में किए गए हैं, जो इस प्रकार है
छटवी चौपाई - शंकर सुवन केसरीनंदन ,तेजप्रताप महा जग वदंन।।
सुधार- शंकर स्वयं केसरीनंदन , तेज प्रताप महा जग वदंन ।।
27 वीं चौपाई - सब पर राम तपस्वी राजा, तिनके काज सकल तुम साजा।।
सुधार - सब पर राम राय सिरताजा ,तिनके काज सकल तुम साजा।।
32 वी चौपाई - राम रसायन तुम्हरे पासा , सदा रहो रघुपति के दासा ।।
सुधार - राम रसायन तुम्हरे पासा , सादर हो रघुपति के दासा ।।
38 वी चौपाई - जो सत बार पाठ कर कोई , छूटहि बंदि महा सुख होई ।।
सुधार - यह सत बार पाठ कर जोई , छूटहि बंदि महा सुख होई ।।