
इटारसी(ब्यूरो)। रेलवे स्टेशन पर सक्रिय अवैध वेंडरों का तिलिस्म तोड़ने के लिए डीजी रेल ने नया फरमान जारी किया है। डीजी रेल से जारी निर्देश एसआरपी के जरिए जीआरपी थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने अवैध वेंडरों के खिलाफ मुहिम शुरू कर दी है। एसआरपी ने निर्देश दिए हैं कि लगातार मुहिम चलाई जाए और हर घंटे हुई कार्रवाई का हवाला मुख्यालय तक भेजा जाए।
पहले दिन की कार्रवाई में पुलिस ने छह अवैध वेंडरों के खिलाफ धारा 102 के तहत कार्रवाई कर आरपीएफ के हवाले किया है। सूत्रों के अनुसार हाल ही में डीजी मैथिलीशरण गुप्त ने रेंज के सभी बड़े रेल जंक्शनों पर सक्रिय अवैध वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई को कहा है। ट्रेनों में आए दिन हो रही चोरियों एवं रेलवे परिसर में बढ़ते अपराधों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
विस अध्यक्ष ने जताई थी आपत्ति
बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर पिछले दिनों विस अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा ने भी डीएसपी रेल को अवैध वेंडरों के खिलाफ मुहिम चलाने के निर्देश दिए थे। उल्लेखनीय है कि वेंडरी में सक्रिय अधिकांश युवक
अपराधी तत्व हैं। बिना पुलिस वैरीफिकेशन कराए कई खानपान ठेकेदार इन युवकों को काम पर रख लेते हैं। इस वजह से आए दिन वेंडरों में गैंगवार होती रहती है। कुछ माह पूर्व वेंडरों की लड़ाई में सूरजगंज निवासी एक वेंडर की हत्या हो गई थी। इस घटना के बाद नाला मोहल्ला निवासी एक वेंडर युवक की हत्या हो चुकी है। नियमानुसार अवैध वेंडरों पर जीआरपी को सीधे कार्रवाई के अधिकार नहीं हैं। जीआरपी वेंडरों को पकड़कर आरपीएफ के हवाले करती है। आरपीएफ इनके खिलाफ आरपीयूपी एक्ट के तहत मामले दर्ज कर रेल न्यायालय में पेश करती है।
निर्देश मिले हैं
हमें एसआरपी द्वारा अवैध वेंडरों के खिलाफ मुहिम चलाने के निर्देश मिले हैं। आदेश के मुताबिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अवैध वेंडरों का सारा डाटा भी तैयार किया जा रहा है। जिन वेंडरों का आपराधिक रिकार्ड है उन्हें स्टेशन से बेदखल किया जाएगा। आरएस महाजन, थाना प्रभारी जीआरपी।